मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू और अभिनेत्री प्रीति जिंटा जल्द ही फिल्म ‘वाइब’ में पहली बार एक साथ नजर आने वाले हैं। यह फिल्म एक्शन और कॉमेडी से भरपूर होगी, जिसमें दोस्ती, रोमांच और मुश्किल हालात के बीच जिंदगी की जंग को मजेदार अंदाज में दिखाया जाएगा।
इस फिल्म के जरिए प्रीति जिंटा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह है।
फिल्म ‘वाइब’ को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है। इसका निर्माण कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने अपनी कंपनी ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया है। यह इस प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म है। फिल्म इसी साल 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
फिल्म की कहानी खुद कुणाल खेमू ने लिखी है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही संभाली है। अभिनेता के लिए यह प्रोजेक्ट काफी खास है, क्योंकि वह इस फिल्म में अभिनय भी करेंगे। फिल्म में स्पर्श श्रीवास्तव भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। वहीं अभिनेत्री वंशिका भी इस फिल्म से डेब्यू करने जा रही है।
‘वाइब’ की कहानी दो ऐसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी अचानक एक बड़े रोमांचक सफर में बदल जाती है। दोनों दोस्त सामान्य जिंदगी जी रहे होते हैं, लेकिन अचानक हालात ऐसे बनते हैं कि उन्हें मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान उनकी दोस्ती, हिम्मत और मुश्किलों से लड़ने की ताकत की परीक्षा होती है।
फिल्म की घोषणा सोशल मीडिया पर बेहद खास अंदाज में की गई। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा किया, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में एक्शन और कॉमेडी दोनों का भरपूर तड़का होगा।
पोस्ट के साथ लिखा गया कि फिल्म में जोरदार पंच के साथ मजेदार डायलॉग्स भी देखने को मिलेंगे। साथ ही यह भी बताया गया कि फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
वहीं प्रीति जिंटा ने भी इस पोस्टर को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया और कैप्शन में लिखा कि 18 सितंबर एक खास एहसास लेकर आने वाला है और बहुत जल्द दर्शक उन्हें थिएटर में देख पाएंगे।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
