जम्मू-कश्मीर: रामबन में सड़क किनारे पलटी बस, एक की मौत, 11 घायल


जम्मू, 19 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में मंगलवार को एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि जिले के संगलदान इलाके के पास गूल-संगलदान सड़क पर एक यात्री बस पलट गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब रजिस्ट्रेशन नंबर जेके02सीयू-7482 वाली एक बस कथित तौर पर बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई।

घटना के तुरंत बाद, पुलिस, स्थानीय लोगों और आपातकालीन टीमों ने बचाव और राहत अभियान शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए पास के चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया।

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए; इनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इस घटना का संज्ञान ले लिया है।

इससे पहले, पहलगाम में 16 मई को एक सड़क हादसे में गुजरात के एक टूरिस्ट कपल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ, जब टूरिस्टों को ले जा रही एक टैक्सी सड़क से फिसलकर एक गहरी खाई में गिर गई।

मृतक पर्यटकों की पहचान महेश भावसार के बेटे बाविन भावसार के रूप में हुई, जिन्हें उप-जिला अस्पताल पहलगाम में मृत अवस्था में लाया गया था और उनकी पत्नी अवनी भावसार के रूप में हुई, जिनकी गंभीर चोटों के कारण बाद में मृत्यु हो गई।

केंद्र शासित प्रदेश के पहाड़ी जिले, जिनमें पुंछ, राजौरी, रियासी, डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिले शामिल हैं, अक्सर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के कारण सुर्खियों में रहे हैं। इन दुर्घटनाओं का कारण सड़कों की खराब हालत, तेज रप्तार, ओवरलोडिंग और रोड रेज को माना जाता है।

ट्रैफिक विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच करने और उन पर कार्रवाई करने के लिए विशेष जांच दस्ते तैनात किए हैं।

कभी-कभी, वाहन नाबालिगों या बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले ड्राइवरों द्वारा चलाए जाते हैं। बिना अनुमति के वाहन चलाने के मामलों में, सजा के तौर पर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द करना, वाहन जब्त करना और अगर नाबालिग वाहन चलाते हुए पाए जाते हैं, तो उनके माता-पिता को जेल भेजना शामिल है।

पेट्रोल पंपों को निर्देश दिया गया है कि वे उन मोटरसाइकिल चालकों को पेट्रोल न दें जो बिना क्रैश हेलमेट पहने आते हैं। कई मामलों में, ट्रैफिक विभाग ड्राइवरों को तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के खतरों के बारे में जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़ी सलाह देने वाली कक्षाएं आयोजित कर रहा है।

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News