लोहिया संस्थान लखनऊ में बनेगा 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर, 855 करोड़ की मंजूरी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नवीन परिसर में 1010 बिस्तरों वाला मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर बनाने की परियोजना को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। यह परिसर राजधानी के शहीद पथ स्थित गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में स्थित है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। 

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 855 करोड़ चार लाख 34 हजार रुपये खर्च होंगे और इसके तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इमरजेंसी अस्पताल के साथ नया ओपीडी ब्लॉक और 200 सीटों वाला टीचिंग ब्लॉक भी बनेगा। नया ओपीडी ब्लॉक मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर उपचार व्यवस्था को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। इससे प्रदेशवासियों को अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। वहीं टीचिंग ब्लॉक (शैक्षणिक खंड) में चिकित्सा छात्रों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण मिलेगा, जिससे मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता सुधरेगी। अधिकारियों के अनुसार, नई चिकित्सा अवसंरचना के विकसित होने से गंभीर मरीजों को त्वरित और विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से राजधानी आने वाले मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।  

Related Articles

Latest News