मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रवाद और भारतीयता का आचरण ही भाजपा कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पहचान है। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के संस्थापकों के मूल्यों और आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन और समृद्धि को जोड़ने का काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को सहजनवा क्षेत्र में आयोजित भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से “राष्ट्र प्रथम” के भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। योगी ने कहा कि भाजपा दुनिया की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि माना। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा में “राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति हित अंतिम” है। इसी कारण आज देश ही नहीं, दुनिया भर में भारतीय जनता पार्टी और उसके चुनाव चिन्ह कमल को राष्ट्रवाद की पहचान माना जाता है।
विकास प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं और गोरखपुर के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
