विधानसभा अध्यक्ष की पहल पर पहली बार दिया जाएगा सम्मान,यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बने ‘उत्कृष्ट विधायक’

उत्तर प्रदेश विधानसभा के संसदीय इतिहास में पहली बार ‘उत्कृष्ट विधायक’ पुरस्कार के लिए वरिष्ठ विधायक एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का चयन किया गया है। यह निर्णय विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में गठित उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।विधान भवन में आयोजित समिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, वरिष्ठ विधायक रमापति शास्त्री और वरिष्ठ पत्रकार शामिल हुए। मालूम हो कि विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली में वर्ष 2023 में ‘उत्कृष्ट विधायक’ चयन का प्रावधान जोड़ा गया था। इसका उद्देश्य सदन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायक को सम्मानित कर नव निर्वाचित सदस्यों को प्रेरित करना है।

नौ बार विधायक रहे हैं सुरेश खन्ना

शाहजहांपुर से लगातार नौ बार विधायक चुने गए सुरेश खन्ना को उनके दीर्घ संसदीय अनुभव, सदन में सक्रिय योगदान, संसदीय परंपराओं की गहरी समझ और उत्कृष्ट आचरण के आधार पर चुना गया। वे विपक्ष के नेता, मुख्य सचेतक और विभिन्न समितियों के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वित्त मंत्री के रूप में “वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम मीट” में उत्तर प्रदेश सरकार का दावोस में प्रतिनिधित्व भी किया है। समिति की संस्तुति के आधार पर सुरेश खन्ना को विधानसभा के विशेष समारोह में ‘उत्कृष्ट विधायक’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Latest News