एलएसजी की धमाकेदार जीत का मजा किरकिरा, कप्तान पंत पर लगा 12 लाख का जुर्माना


लखनऊ, 16 मई (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पंत पर यह जुर्माना एलएसजी और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच हुए मुकाबले में धीमी गति से ओवर फेंकने को लेकर लगा है।

एलएसजी के गेंदबाजों ने सीएसके के खिलाफ 20 ओवर पूरे करने के लिए निर्धारित समय से ज्यादा वक्त लिया। आईपीएल 2026 में यह पहला मौका है, जब एलएसजी के गेंदबाज तय समय में ओवर फेंकने में नाकाम रहे हैं। इसी वजह से कप्तान पंत पर आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत जुर्माना लगाया गया है।

आईपीएल ने एक बयान में कहा, “लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कैप्टन ऋषभ पंत पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने शुक्रवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के खिलाफ आईपीएल 2026 के 59वें मैच के दौरान धीमी गति से ओवर फेंके। यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत इस सीजन में उनकी टीम की पहली गलती थी, इसलिए ऋषभ पंत पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया।”

अपने घरेलू मैदान पर एलएसजी का प्रदर्शन सीएसके के खिलाफ शानदार रहा। कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। सीएसके ने कार्तिक शर्मा द्वारा खेली गई 42 गेंदों पर 71 रनों की दमदार पारी के बूते 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन लगाए। गेंदबाजी में एलएसजी की ओर से युवा तेज गेंदबाज आकाश महाराज ने 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 188 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। एलएसजी की तरफ से मिचेल मार्श ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों पर 90 रनों की आतिशी पारी खेली और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। जोश इंग्लिस ने 36 रनों का योगदान दिया जबकि निकोलस पूरन 32 रन बनाकर नाबाद रहे।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News