बिहार: भोज के दौरान विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या, कई घायल


बिहारशरीफ, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब आठ अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस इस मामले में 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला पुनहा गांव का है। बताया जाता है कि गांव में एक गृह प्रवेश समारोह का आयोजन था। दोनों पक्ष के लोग भोज में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दो लोगों के बीच मजाक चल रहा था, जो व्यक्तिगत हो गया। इसी दौरान व्यक्तिगत हमलों को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

इस घटना में कथित तौर पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुनहा गांव निवासी अनिल चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात सूचना मिली थी कि किसी बात को लेकर अनिल चौधरी और बाल्मीकि चौधरी पक्ष के बीच मारपीट हुई है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस


Related Articles

Latest News