अनिमेष कुजूर, मोहम्मद अफसल ने सऊदी एथलेटिक्स जीपी 2026 में दर्ज की शानदार जीत


रियाद, 16 मई (आईएएनएस)। अनिमेष कुजूर और मोहम्मद अफसल ने शुक्रवार को रियाद में सऊदी एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2026 में अपने-अपने इवेंट्स में जीत हासिल करके इंटरनेशनल सर्किट पर अपना शानदार फॉर्म जारी रखा।

प्रिंसेस नौराह बिंत अब्दुलरहमान यूनिवर्सिटी स्टेडियम में नेशनल रिकॉर्ड होल्डर अफसल ने पुरुषों की 800 मीटर रेस 1:48.24 समय में पूरा करके शानदार फिनिश किया। भारतीय धावक ने साउथ अफ्रीका के क्रिस्टोफर स्वार्ट को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1:48.50 में रेस पूरी की। वर्नर गौव्स 1:48.75 के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

पोलौंड में 1:44.93 समय के साथ भारतीय नेशनल रिकॉर्ड बनाने वाले अफसल का इंटरनेशल स्तर पर एक और शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इससे पहले, वह एशियन गेम्स में 1:48.43 के समय के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम कर चुके हैं।सऊदी एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर में कई देशों के एथलीट शामिल हुए हैं।

कुजूर ने देश के सबसे तेज स्प्रिंटिंग टैलेंट के तौर पर अपनी पहचान भी बनाई और पुरुषों की 200 मीटर रेस का टाइटल 20.77 सेकंड में जीता। ग्रेट ब्रिटेन के डेविड हैरिसन (20.87 सेकंड) और टोबी हैरिस (21.01 सेंकड) को 22 साल के कुजूर ने हराया। इससे पहले, कुजूर पुरुषों की 100 मीटर रेस में टॉप के बहुत करीब थे, उन्होंने 10.44 सेकंड का समय निकाला और हैरिसन के बाद दूसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 10.42 सेकंड में रेस जीती थी।

पूर्व भारतीय नेशनल रिकॉर्ड होल्डर गुरिंदरवीर सिंह ने भी 10.44 सेकंड का समय निकाला, लेकिन फोटो फिनिश के बाद उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। कुजूर के नाम अभी भारत में दोनों स्प्रिंट इवेंट का नेशनल रिकॉर्ड है। पिछले साल, उन्होंने ग्रीस में 10.18 सेकंड में 100 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा था और बाद में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 20.32 सेकंड का नया 200 मीटर रिकॉर्ड बनाया।

यह युवा स्प्रिंटर पिछले महीने नई दिल्ली में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में स्प्रिंट डबल पूरा करने के बाद रियाद पहुंचने पर भी शानदार फॉर्म में था, उन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर दोनों रेस जीतीं। एम कृषिक ने भारत को एक और पोडियम फिनिश दिलाया, पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स में 13.90 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। यह 60 मीटर हर्डल्स में भारतीय इनडोर चैंपियन का पहली इंटरनेशनल प्रतियोगिता थी। मेजबान सऊदी अरब (41.89 सेकंड) से आगे 40.49 सेकंड में पहला स्थान हासिल करके भारतीय पुरुषों की 4×100 मीटर रिले टीम के सफल प्रदर्शन का अंत हुआ। इसमें शामिल 5 टीमों में से, केवल 2 ने ही आखिरकार रिले रेस शुरू की।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News