अबू धाबी, 15 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और यूएई की दोस्ती बेहद मजबूत है और दोनों देश मिलकर दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए काम करते रहेंगे।
अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ व्यापक और सकारात्मक बातचीत के बाद पीएम मोदी ने कहा, “भारत और यूएई की मित्रता बहुत मजबूत है। हमारे देश अपनी माटी (धरती) के बेहतर भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से साथ मिलकर काम करते रहेंगे।”
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर भी पोस्ट करते हुए कहा, “मेरे भाई, शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बेहद शानदार चर्चा हुई। हमने यूएई पर हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा दोहराई। साथ ही इस पूरे दौर में दिखाई गई उनके नेतृत्व क्षमता, साहस और दूरदर्शिता की भी सराहना की। यूएई में भारतीय समुदाय के प्रति उनकी देखभाल और चिंता के लिए आभार व्यक्त किया।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे भाई, शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और मैंने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही व्यापार, ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया।”
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। बातचीत में ऊर्जा, व्यापार और निवेश, ब्लू इकोनॉमी, फिनटेक सहित तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच संबंधों जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा पश्चिम एशिया के हालात और अन्य वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में यूएई पर हुए हमलों और उसकी संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों की कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने शांति, स्थिरता और समृद्धि के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
इस यात्रा के दौरान ऊर्जा, रक्षा, शिपिंग सहित बुनियादी ढांचे और उन्नत तकनीक के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान भी हुआ, जिससे भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिली।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यूएई ने भारत में 5 अरब डॉलर के निवेश की भी घोषणा की है। इससे दोनों देशों के बाजार और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा भारत की ऊर्जा सुरक्षा को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई सरकार और शाही परिवार का भारतीय समुदाय का कठिन समय में ख्याल रखने के लिए आभार भी जताया। उन्होंने कहा, “यूएई पर हुआ हमला किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। कठिन परिस्थितियों में आपने जो संयम और साहस दिखाया, वह सराहनीय है। राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने के लिए आपके नेतृत्व में उठाए गए कदमों के लिए हम आपको बधाई देते हैं।”
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत हमेशा संवाद एवं कूटनीति के जरिए समस्याओं के समाधान का पक्षधर रहा है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला, सुरक्षित और स्वतंत्र बनाए रखना भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन जरूरी है।
उन्होंने कहा, “भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और भविष्य में भी रहेगा। शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए भारत हर संभव सहयोग देने को तैयार है।”
–आईएएनएस
डीएससी
