दुबई, 13 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने ढाका में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रन से हराया था। अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में बांग्लादेश की यह पहली जीत थी। बांग्लादेश के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया और इसका फायदा उन्हें बुधवार को जारी आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में हुआ है।
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने पहली पारी में शतक लगाया था, जबकि दूसरी पारी में 87 रन की पारी खेली थी। दोनों पारियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले शांतो मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे थे। शांतो को उनकी शानदार बल्लेबाजी का परिणाम जीत के साथ ही आईसीसी रैंकिंग में भी मिला। वह 16 पायदान ऊपर चढ़कर 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की श्रेष्ठ रैंकिंग है। विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने पहली पारी में 71 और दूसरी पारी में 22 रन बनाए थे। रहीम 2 पायदान उपर चढ़कर 26वें स्थान पर आ गए हैं। मोमिनुल हक, जिन्होंने 91 और 56 रन की पारी खेली थी, 12 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
टेस्ट के शीर्ष 10 बल्लेबाजों में इंग्लैंड के जो रूट पहले, इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे, ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ चौथे, न्यूजीलैंड के केन विलियमसन पांचवें, श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस छठे, दक्षिण अफ्रीका के टेंबा बवुमा सातवें, भारत के यशस्वी जायसवाल आठवें, भारत के शुभमन गिल नौवें और श्रीलंका के दिनेश चांदीमल दसवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजी की टेस्ट रैंकिंग में भारत के जसप्रीत बुमराह पहले, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क दूसरे, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस चौथे, पाकिस्तान के नोमान अली पांचवें, दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन छठे, ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड सातवें, दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा आठवें, ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड नौवें और ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन दसवें स्थान पर हैं।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा इस समय कोई टेस्ट सीरीज नहीं खेली जा रही है। इसलिए टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष-10 में बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है।
–आईएएनएस
पीएके
