पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में हुए धमाके में दो पुलिसकर्मियों समेत सात की मौत

[ad_1]

f20df4013bcaaa49c763ce42e1d4eb6a

इस्लामाबाद, 12 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में इन दिनों पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर हमला करने के मामले में तेजी देखने को मिल रही है। स्थानीय मीडिया ने लोकल पुलिस से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि मंगलवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले की सेराई नौरंग तहसील में हुए एक धमाके में दो पुलिसकर्मियों समेत कम से कम सात लोग मारे गए।

पाकिस्तानी मीडिया डॉन ने लक्की मरवत जिले के पुलिस प्रवक्ता के हवाले से बताया कि इस घटना में 23 और लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह साफ नहीं है कि इलाके में विस्फोटक ले जा रहा रिक्शा खड़ा था या किसी सुसाइड बॉम्बर ने उसे उड़ा दिया।

बम डिस्पोजल स्क्वॉड के एक्सपर्ट ब्लास्ट की वजह का पता लगाने में लगे हुए हैं, जबकि मृतकों के शव को तहसील हेडक्वार्टर हॉस्पिटल ले जाया गया है, जबकि कुछ घायलों को बन्नू के हॉस्पिटल में ले जाया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आए वीडियो में ब्लास्ट में कई दुकानें और तीन पहिए वाली गाड़ी क्षतिग्रस्त दिखे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना की जगह पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम ने इलाके को घेर लिया और सबूत इकट्ठा किए।

यह घटना रविवार सुबह बन्नू में एक चेकपॉइंट पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 15 पुलिसवालों के मारे जाने के बाद हुई।

इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान (आईएमपी) नाम के एक उग्रवादी समूह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए उस बम धमाके की जिम्मेदारी ली।

रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार और रविवार की रात के बीच, हथियारबंद ग्रुप ने बन्नू में फतेह खेल पुलिस चेकपॉइंट में विस्फोटक से लदी गाड़ी घुसा दी, जिससे जबरदस्त धमाके के बाद स्ट्रक्चर मलबे में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, धमाके के बाद मिलिटेंट ने कई तरफ से अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे घंटों भारी गोलीबारी हुई और धमाके हुए। इस धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

बन्नू रीजनल पुलिस ऑफिसर (आरपीओ) सज्जाद खान ने कहा कि हमले के दौरान चेकपॉइंट पर कुल 18 पुलिसवाले तैनात थे। पाकिस्तानी डेली एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा, “उनमें से 15 मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।”

धमाके से आस-पास की रिहायशी इमारतों और दूसरी चीजों को भी बहुत नुकसान हुआ।

–आईएएनएस

केके/एएस

[ad_2]

Related Articles

Latest News