छत्तीसगढ़: जमीन के लालच में रिश्ते हुए शर्मसार, बड़े भाई-भाभी पर हत्या का आरोप


सूरजपुर, 11 मई (आईएएनएस)। कहते हैं जर, जोरू और जमीन की अति महत्वाकांक्षा किसी भी इंसान के विवेक को खत्म कर देती है। उसमें सही-गलत की समझ नहीं रह जाती, चाहें वह स्त्री हो या पुरुष और फिर एक अपराध जन्म लेता है। जी हां, ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सामने आया है, जहां कलयुगी बड़े भाई ने जमीन के टुकड़े की खातिर अपने ही छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया।

दरअसल, पूरा मामला चेंद्रा चौकी क्षेत्र के चंद्रमेढा गांव का है, जहां जमीन के झगड़े को लेकर आरोपी धर्मदेव उर्फ धर्मजीत टोप्पो ने पत्नी सुषमा के साथ मिलकर अपने ही छोटे भाई महेंद्र टोप्पो की हत्या कर दी। दोनों ने महेंद्र टोप्पो को ईंट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके के हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जमीन विवाद के चलते अरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर ईंट से वारकर अपने छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। ईंट के प्रहार से महेंद्र टोप्पो को सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद महेंद्र टोप्पो को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पहले सूरजपुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था, लेकिन उसकी हालत और गंभीर होती जा रही थी। इसके बाद उसे अम्बिकापुर रेफर किया गया था, लेकिन उसकी हालत में कुछ खास सुधार नहीं आया। इसलिए उसे वापस घर लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसके बाद आरोपी भाई-भाभी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले अब गहनता से जांच कर रही है ताकि आरोपियों को सख्त सजा मिल सके।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम


Related Articles

Latest News