इटैलियन ओपन: स्वितोलिना ने बैपटिस्ट को बाहर किया, 'लकी लूजर' बार्टुंकोवा ने 'अंतिम 16' में बनाई जगह


रोम, 10 मई (आईएएनएस)। इटैलियन ओपन 2026 में रविवार को एलिना स्वितोलिना ने हैली बैप्टिस्ट पर सीधे सेटों में जीत दर्ज की। 2 बार की रोम चैंपियन ने 1 घंटे 7 मिनट में मुकाबला अपने नाम करते हुए चौथे दौर में जगह बना ली है।

स्वितोलिना ने बेसलाइन से मैच पर पूरा नियंत्रण रखा और बैप्टिस्ट को अपनी लय बनाने का शायद ही कोई मौका दिया। इस यूक्रेनी खिलाड़ी ने बेहद अनुशासित प्रदर्शन करते हुए 11 विनर्स लगाए और सिर्फ 4 अनफोर्स्ड एरर किए। उनकी सर्विस को तोड़ना भी मुश्किल साबित हुआ। स्वितोलिना ने सभी 5 ब्रेक प्वाइंट्स बचाए और अपनी पहली और दूसरी, दोनों तरह की सर्विस पर दबदबा बनाए रखा।

सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के लिए यह जीत और भी ज्यादा मायने रखती है, क्योंकि उन्होंने इस सीजन की शुरुआत में मियामी ओपन 2026 में बैप्टिस्ट से मिली हार का बदला ले लिया है। स्वितोलिना ने पिछले साल रोम में भी इस अमेरिकी खिलाड़ी को तीन सेटों के एक कड़े मुकाबले में हराया था, लेकिन इस बार उन्होंने जीत में कोई कसर नहीं छोड़ी और बैपटिस्ट के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-1 कर लिया।

अंतिम 16 के दौर में स्वितोलिना का मुकाबला चेक गणराज्य की 20 वर्षीय चेक खिलाड़ी निकोला बार्टुंकोवा से होगा, जिन्होंने 17वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी मैडिसन कीज को 6-3, 1-6, 6-4 से हराकर एक बड़ा उलटफेर किया है। इसी के साथ बार्टुंकोवा ने साल 2013 के बाद रोम में महिला एकल के चौथे दौर में पहुंचने वाली पहली ‘लकी लूजर’ खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।

इस युवा चेक खिलाड़ी को क्वालीफाइंग के अंतिम दौर में अनास्तासिया पोटापोवा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन बाद में 10वीं वरीयता प्राप्त विक्टोरिया म्बोको के बीमार होने के कारण टूर्नामेंट से हटने पर उन्हें मुख्य ड्रॉ में देर से प्रवेश मिल गया। बार्टुंकोवा ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। पहले दौर में टायरा ग्रांट को हराने के बाद, उन्होंने कीज के खिलाफ भी निडर प्रदर्शन करते हुए अपने अब तक के करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की और पहली बार डब्लयूटीए 1000 टूर्नामेंट के चौथे दौर में जगह बनाई।

चेक खिलाड़ी महज एक साल पहले टॉप 500 से भी बाहर थीं। बार्टुंकोवा ने अब टॉप-20 खिलाड़ियों के खिलाफ अपने दोनों मैच जीत लिए हैं। इससे पहले उन्होंने इसी सीजन में ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में बेलिंडा बेनसिक को मात दी थी। अब डब्ल्यूटीए टूर पर उनका सामना पहली बार स्वितोलिना से होगा, जिसमें रोम में क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने की चुनौती होगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News