आरसीबी पर जीत से एलएसजी के ड्रेसिंग रूम का मनोबल सच में बढ़ा है: मार्करम


चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 50वें मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 9 रन से जीत हासिल की। एलएसजी के बल्लेबाज एडेन मार्करम का मानना है कि आरसीबी पर जीत के बाद टीम का मनोबल सही समय पर बढ़ा है। रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ एक और जीत के साथ इस लय को बनाए रखने की उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं।

रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मुकाबले से पहले मार्करम ने ब्रॉडकास्टर्स के साथ बातचीत में कहा, “सब कुछ ठीक चल रहा है। हम बस आगे बढ़ रहे हैं; आखिरकार आपको वह लय और रूटीन मिल ही जाता है। पिछली जीत बहुत शानदार रही। इस जीत ने ड्रेसिंग रूम में मनोबल को सच में बढ़ाया है। उम्मीद है कि हम आज एक और मजबूत प्रदर्शन के साथ इस जीत को दोहरा पाएंगे।”

टी20 फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका के कप्तान मार्करम ने अलग-अलग पोजीशन पर बल्लेबाजी करने की जरूरतों पर जोर दिया, जो खुद इस सीजन में सबसे निचले पायदान पर चल रही एलसीज के लिए ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह आपकी खास भूमिका पर निर्भर करता है। मेरा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा रन बनाना और मिडिल ऑर्डर में अपनी पोजीशन को समझना है। इस फॉर्मेट में, जरूरतें हर गेंद या हर ओवर के साथ बदल सकती हैं। आपको इस बात का ध्यान रखना होता है। अगर आप मिडिल ऑर्डर में हैं। आपको काफी फ्लेक्सिबल होना पड़ता है, ताकि आप टीम के लिए अपना काम पूरा कर सकें। मुश्किल बात यह है कि जो शॉट टॉप ऑर्डर में काम करते हैं, वे अक्सर मिडिल ओवरों में आपको कैच आउट करवा सकते हैं। निजी तौर पर, मैं अपनी पारी के आखिर में ज्यादा खाली जगह ढूंढने की कोशिश करता हूं। मिडिल ओवरों में गैप ढूंढने के अनोखे तरीके अपनाता हूं।”

मार्करम ने सबसे छोटे फॉर्मेट में अलग-अलग पोजीशन पर बल्लेबाजी करते समय अपने तरीके में लचीलेपन के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “हर किसी का तरीका थोड़ा अलग होता है। कुछ खिलाड़ी क्रीज पर टिककर गैप ढूंढना पसंद करते हैं, तो कुछ अपने पैरों का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। मेरे लिए, यह खाली जगहों पर शॉट लगाने और तेजी से दौड़ने के बारे में है। मैंने हमेशा कहा है कि मैं किसी भी भूमिका में ढलने और जो भी भूमिका जरूरी हो, उसे निभाने में खुश हूं। हाल ही में, मैंने ज्यादा समय टॉप ऑर्डर में बिताया है, इसलिए अभी मैं शायद उसी का ज्यादा आदी हूं। हालांकि, मैंने पहले भी मिडिल ऑर्डर में काफी खेला है। मैं अभी उन मिडिल-ऑर्डर के तरीकों और योजनाओं को फिर से देख रहा हूं, ताकि उन्हें अच्छे से लागू कर सकूं।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News