झारखंडः गिरिडीह के इसरी बाजार में मौत बनकर दौड़ा अनियंत्रित ट्रक, पांच की गई जान, 20 घायल


गिरिडीह, 8 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित इसरी बाजार में शुक्रवार शाम ‘यमराज’ बनकर दौड़े एक अनियंत्रित ट्रक ने बाजार में मौजूद भीड़ और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे खड़े वाहनों को रौंदते हुए पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। शाम का समय होने के कारण बाजार में काफी चहल-पहल थी, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर केवल चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए गाड़ियों के मलबे में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही डुमरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को जब्त कर लिया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू करने में जुटा है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनसी/वीसी


Related Articles

Latest News