नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हो रही है। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में केएल राहुल ने आईपीएल में वो मुकाम हासिल कर लिया है, जो इस लीग में कोई भी बल्लेबाज हासिल नहीं कर सका है।
केएल राहुल आईपीएल में तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजियों की ओर से खेलते हुए एक हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल ने केकेआर के खिलाफ 14 गेंदों में खेली 23 रनों की अपनी इस पारी में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए एक हजार रन भी पूरे किए। इससे पहले, उन्होंने पंजाब किंग्स की तरफ से 2,548 रन बनाए हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए राहुल ने 1,410 रन बनाए।
राहुल दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से आईपीएल में सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। राहुल ने यह उपलब्धि सिर्फ अपनी 23वीं पारी में हासिल की है। उन्होंने इस मामले में ऋषभ पंत को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने डीसी की तरफ से खेलते हुए 35 पारियों में एक हजार रन पूरे किए थे।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल और पाथुम निसांका ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 30 गेंदों में 49 रन जोड़े। राहुल 4 चौकों की मदद से 23 रन बनाने के बाद कार्तिक त्यागी का शिकार बने। वहीं, नीतीश राणा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 8 रन बनाकर आउट हुए।
समीर रिजवी को सुनील नरेन ने 3 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा, तो ट्रिस्टन स्टब्स 2 रन ही बना सके। पाथुम निसांका 29 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। करुण नायर की जगह विपराज निगम को मौका दिया गया है, जबकि टी नटराजन के स्थान पर मुकेश कुमार को मौका दिया गया है।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम
