आईसीसी: अप्रैल महीने की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी पुरस्कार की दौर में वोल्वार्ड्ट, दुलानी और कार्डोसो


दुबई, 8 मई (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट, श्रीलंका की बल्लेबाज इमेशा दुलानी और ब्राजील की ऑल-राउंडर लौरा कार्डोसा को अप्रैल महीने की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

पिछले तीन महीने के अंदर दो पुरस्कार जीत चुकी वोल्वार्ड्ट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। इस वजह से वह न सिर्फ अप्रैल महीने की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के रूप में नामित हैं, बल्कि इसे जीतने की दौर में सबसे आगे हैं।

वोल्वार्ड्ट ने दो वनडे मैचों में 69.00 की औसत से 138 रन बनाए, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो पारियों में 69-69 रन शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने भारत के खिलाफ 5 टी20 मैचों में 82.50 की औसत से 330 रन बनाए। अप्रैल महीने में उनका सबसे बड़ा पल भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में आया, जब उन्होंने 53 गेंदों पर 115 रन बनाकर साउथ अफ्रीका को 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नौ विकेट से जीत दिलाई थी। उनकी इस पारी में 14 चौके और पांच छक्के शामिल थे।

श्रीलंका की ओपनर दुलानी को आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप सीरीज में बांग्लादेश पर 2-1 की जीत में 116 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके बाद उन्होंने दो टी20 मैचों में 82 रन बनाए, जिसमें सीरीज के पहले मैच में 40 गेंदों पर 55 रनों की तेज पारी भी शामिल है। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अप्रैल महीने की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

ब्राजील की लौरा कार्डोसा का इस पुरस्कार के लिए चुना जाना एक बड़ी उपलब्धि है। वह उस देश से संबंध रखती हैं, जहां क्रिकेट अभी शुरू ही हुआ है। कार्डोसा ने 7 टी20 मैचों में 130 से ज्यादा के स्ट्राइक-रेट से 203 रन बनाए, जिसमें बोत्सवाना और जाम्बिया के खिलाफ हाफ-सेंचुरी शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने 17 विकेट भी लिए थे।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News