LUCKNOW: इकाना में शाम 7:30 बजे से मुकाबला, विराट चुनौती के सामने LSG की साख की लड़ाई

आईपीएल में गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। जहां एक ओर आरसीबी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए टॉप-2 में अपनी जगह मजबूत करने उतरेगी, वहीं एलएसजी के लिए यह मुकाबला प्रतिष्ठा बचाने और हार के क्रम को तोड़ने की बड़ी परीक्षा होगी। आरसीबी इस सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आई है और टीम की बल्लेबाजी की अगुवाई विराट कोहली कर रहे हैं, जिन्होंने 9 मैचों में 379 रन बनाए हैं।

उनके साथ देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने टीम को मजबूती दी है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार 17 विकेट लेकर शीर्ष पर हैं और जोश हेजलवुड उनका अच्छा साथ निभा रहे हैं। पिछले मुकाबले में भी आरसीबी ने एलएसजी को 5 विकेट से हराया था।

दूसरी ओर, एलएसजी का प्रदर्शन इस सीजन में निराशाजनक रहा है। टीम लगातार छह मैच हार चुकी है और घरेलू मैदान पर जीत का खाता भी नहीं खोल पाई है। कप्तान ऋषभ पंत, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन जैसे बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। हालांकि गेंदबाजी में प्रिंस यादव (13 विकेट) और मोहसिन खान (10 विकेट) ने कुछ हद तक प्रभावित किया है, लेकिन मोहम्मद शमी की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है।

आमने-सामने

अब तक दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें 5 बार आरसीबी ने जीत दर्ज की है, जबकि एलएसजी केवल 2 मैच जीत सकी है। ऐसे में आंकड़े भी आरसीबी के पक्ष में नजर आते हैं, लेकिन घरेलू मैदान पर एलएसजी वापसी की पूरी कोशिश करेगी।

युवाओं पर दांव, अर्जुन को मिल सकता है मौका

आगामी मुकाबलों में टीम प्रबंधन युवाओं को मौका देने की रणनीति पर काम कर रहा है। अर्जुन तेंदुलकर, जिन्हें मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया गया था, अब तक नहीं खेले हैं, लेकिन नेट्स में उनकी यॉर्कर गेंदबाजी से कोचिंग स्टाफ प्रभावित है। क्लूजनर ने उन्हें मैच के लिए तैयार बताया।

बल्लेबाजी बनी ताकत, गेंदबाजी में सुधार की जरूरत

पिछले मैच में 228 रन बनाना टीम के लिए सकारात्मक रहा। निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 63 रन बनाकर आत्मविश्वास बढ़ाया। हालांकि क्लूजनर ने माना कि गेंदबाजी में सुधार जरूरी है।

इम्पैक्ट प्लेयर रणनीति पर नजर

क्लूजनर ने कहा कि इम्पैक्ट प्लेयर चयन मैच की स्थिति पर निर्भर करता है। एम सिद्धार्थ जैसे खिलाड़ियों का चयन पिच और परिस्थितियों के आधार पर किया जाता है। टीम शेष मैचों में बेहतर प्रदर्शन कर सीजन का सकारात्मक अंत करना चाहती है।

Related Articles

Latest News