सैफ अली खान की फिल्म 'कर्तव्य' का ट्रेलर रिलीज, क्या पवन सुलझा पाएगा साजिश की गुत्थी?


मुंबई, 7 मई (आईएएनएस)। अभिनेता सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘कर्तव्य’ रिलीज होने के लिए तैयार है। गुरुवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। फिल्म में सैफ एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो पेशेवर कर्तव्य और व्यक्तिगत जीवन के बीच फंसा हुआ है।

2.25 मिनट का ट्रेलर काफी तनावपूर्ण और नैतिक रूप से उलझी हुई दुनिया की झलक दिखाता है। कहानी पवन (सैफ अली खान) नाम के एक पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है। पवन की जिंदगी तब बदल जाती है, जब एक पत्रकार की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। इस घटना के बाद पवन पर विभागीय जांच बैठ जाती है और उसके करियर पर सवाल उठने लगते हैं।

जैसे-जैसे उसके सीनियर अधिकारियों का दबाव बढ़ता है, पवन हमलावर की तलाश में एक जोरदार मुहिम में जुट जाता है, लेकिन यह रास्ता इतना आसान नहीं है। वह धीरे-धीरे सत्ता, रसूख और धोखे के जाल में फंसता चला जाता है।

इसके साथ ही, उसकी निजी जिंदगी भी बिखरने लगती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि उसके भाई से जुड़े एक पुराने विवाद के कारण अब उसके परिवार को भी धमकियां मिलने लगी हैं। एक तरफ उसे सिस्टम के भ्रष्ट अधिकारियों से लड़ना है, तो दूसरी तरफ अपने बिखरते परिवार को बचाना है। फिल्म का मूल सार इसी बात पर टिका है कि जब इंसान के हर फैसले की एक भारी कीमत चुकानी पड़े, तो वह ‘कर्तव्य’ को चुनेगा या ‘अपनों’ को?

फिल्म को लेकर अभिनेता सैफ अली खान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पवन एक ऐसा किरदार है, जो लगातार खुद से लड़ रहा है। उसे समझ में नहीं आ रहा है कि समाज की उम्मीदों पर खरा उतरना है या अंतरात्मा की आवाज सुननी है। कर्तव्य की सबसे खास बात यह है कि कहानी आपको सीधे-सीधे जवाब नहीं देती, बल्कि आपको सोचने पर मजबूर करती है।” सैफ ने यह भी बताया कि रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स के साथ काम करना उनके लिए एक नया और रोमांचक अनुभव रहा है।

निर्देशक पुलकित ने कहा, “कर्तव्य’ एक ऐसी कहानी है जो ग्रे जोन में चलती है, जहां हर फैसले की एक कीमत चुकानी पड़ती है और निश्चितता हमेशा पहुंच से बाहर रहती है। हमने एक ऐसी जमीनी और जज्बातों से भरी कहानी बनाने की कोशिश की है, जो अपराध की ऊपरी परत से आगे बढ़कर, उसके मूल में छिपे इंसानी संघर्ष को टटोलती है। सभी कलाकारों ने अपने किरदारों में जबरदस्त गहराई लाई है और सैफ ने एक बेहद उलझे हुए किरदार को जिस संयम के साथ निभाया है, उसे देखकर दर्शक यह सोचने पर मजबूर होगें कि जब निजी दांव लगे हों, तो असल में न्याय का क्या मतलब होता है। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स के साथ मेरा यह दूसरा जुड़ाव बेहद संतोषजनक रहा है और मैं इस कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए बहुत उत्साहित हूं।”

‘कर्तव्य’ में सैफ अली खान के अलावा, रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी जैसे कलाकार शामिल हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Related Articles

Latest News