लखनऊ: आईपीएल मैच के दौरान इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरों से जुड़े उपकरण चोरी


लखनऊ, 6 मई (आईएएनएस)। गोमती नगर विस्तार इलाके में सेफ सिटी परियोजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से जुड़े उपकरण चोरी हो गए हैं। यहां शहीद पथ पर लगे करीब 40 कैमरे बंद हैं, जिससे ट्रैफिक मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है।

सीसीटीवी कैमरों की देखरेख करने वाली कंपनी के कर्मचारी विनोद यादव ने गोमती नगर विस्तार थाने में दी तहरीर में बताया कि लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत शहीद पथ पर पोल और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। 25 अप्रैल की रात करीब 10:49 बजे अज्ञात चोर पोल माउंट से स्विच, बैटरी और यूपीएस समेत अन्य उपकरण निकाल ले गए।

तहरीर में बताया गया है कि गोमती नगर विस्तार में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरूरी उपकरण, जैसे स्विच, बैटरी और यूपीएस करीब 1.25 लाख रुपए की कीमत के थे, जो किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए हैं। इस वजह से कैमरे फिलहाल बंद हैं और काम नहीं कर रहे। इन कैमरों का इस्तेमाल ट्रैफिक पुलिस वाहनों की निगरानी, आईपीएल मुकाबलों के दौरान शहीद पथ पर ट्रैफिक कंट्रोल, महिलाओं की सुरक्षा और अपराध रोकथाम के लिए होता था। उपकरण चोरी होने से यह निगरानी फिलहाल प्रभावित हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच में जुटी है।

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दौरान लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडिमय में अब तक 4 मैच खेले गए हैं। यहां 1 अप्रैल को इस सीजन का पहला मैच खेला गया था, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया। इसके बाद 12 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स को गुजरात टाइटंस के हाथों 7 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। राजस्थान रॉयल्स ने 22 अप्रैल को मेजबान टीम के खिलाफ 40 रन से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 26 अप्रैल को खेले गया मुकाबला टाई रहा, जिसके बाद केकेआर ने सुपर ओवर में एलएसजी को हराया।

इस स्टेडियम में 7 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जिसके बाद इसी मैदान पर 15 मई को एलएसजी का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स इकाना स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News