दिसपुर, 4 मई (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस को शुरुआती झटका लगता दिख रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उम्मीदवार गौरव गोगोई जोरहाट विधानसभा सीट से पीछे चल रहे हैं। सोमवार को पांचवें राउंड की गिनती के बाद भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी उनसे आगे चल रहे हैं।
रुझानों के मुताबिक, अब तक भाजपा को 23,339 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस को 15,326 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह हितेंद्र गोस्वामी 8,013 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ रही है, यह अंतर बढ़ता नजर आ रहा है, जिसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा शुरुआती झटका माना जा रहा है। हालांकि पार्टी को अभी आगे के राउंड में स्थिति बदलने की उम्मीद है।
राज्यभर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है और दिन बढ़ने के साथ तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। शुरुआती रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 98 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
असम में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें 2.50 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 85.96 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 59 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 99 उम्मीदवार उतारे, जबकि बीजेपी ने 90 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (ओआईयूडीएफ) ने 30 सीटों पर चुनाव लड़ा।
एनडीए के सहयोगी दलों में असम गण परिषद ने 26 उम्मीदवार और बोडो पीपुल्स फ्रंट ने 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे। विपक्षी खेमे में रायजोर दल ने 13, असम जातीय परिषद ने 10, माकपा ने 3 और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने 18-18 सीटों पर, तृणमूल कांग्रेस ने 22 सीटों पर, और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
