पिछले वर्ष अगस्त से एक करोड़ रुपये तक की रजिस्ट्री पर एक प्रतिशत स्टांप ड्यूटी से छूट दिए जाने के बाद 8.89 लाख महिलाओं ने अपने नाम पर रजिस्ट्री कराई है। महिलाओं के नाम रजिस्ट्री होने से 951.60 करोड़ रुपये की छूट दी गई है।स्टांप राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने बताया कि पिछले वर्ष अगस्त से महिलाओं को 10 लाख के बजाय एक करोड़ रुपये तक रजिस्ट्री पर एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
छूट से महिलाओं के नाम कराई जाने वाली रजिस्ट्री की संख्या बढ़ी है। वर्ष 2024 में जहां 14.93 लाख रजिस्ट्री महिलाओं के पक्ष में हुईं वहीं पिछले वर्ष बढ़कर 16.57 लाख हो गईं।
ऐसे में एक प्रतिशत दी गई छूट की धनराशि 1216.5 करोड़ रुपये से बढ़कर पिछले वर्ष 1476.31 करोड़ रुपये पहुंच गई है। जायसवाल ने बताया कि एक अगस्त से देखा जाए तो इस वर्ष मार्च तक के कुल आठ माह में ही 8.89 लाख रजिस्ट्री महिलाओं के पक्ष में कराई गईं हैं। इन पर 951 करोड़ रुपये की छूट दी गई है।
