मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री पूजा हेगड़े की तमिल रोमांटिक-एक्शन फिल्म ‘रेट्रो’ ने रिलीज के एक साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर अभिनेत्री फिल्म की यादों में खोती नजर आईं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी फिल्म से जुड़ी कुछ अनसुनी और रोमांचक यादें प्रशंसकों के साथ शेयर कीं।
पूजा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के सेट से कुछ बीटीएस तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि फिल्म बनाना किसी साहसिक सफर से कम नहीं था। अभिनेत्री ने लिखा, “फिल्म रेट्रो के रिलीज को एक साल पूरा। शूटिंग के दौरान हमने कई बड़ी चुनौतियों का सामना किया। शूटिंग के समय कई बार तूफान आए, काम करते वक्त मेरा लिगामेंट भी फट गया था, जिससे मुझे काफी चोटें आईं। हर तरफ कीचड़ और फिसलन थी, लेकिन इस दौरान हमारी टीम का जज्बा कम नहीं हुआ।
अभिनेत्री ने आगे एक हौरान कर देने वाली घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक बार शूटिंग के दौरान उनकी नाव में आग लग गई थी। पूजा ने लिखा, “हमारी नाव में आग लग गई (सुहास, आप हमेशा हीरो रहेंगे) और शूटिंग के वक्त एक ऐसा द्वीप था जहां चारों तरफ सांपों का डेरा था।”
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि तकनीकी रूप से ये सारी चीजें बहुत तनावपूर्ण और मुश्किल होनी चाहिए थीं, लेकिन असलियत में ऐसा नहीं था। उन्होंने लिखा, “वहां बहुत शांति और अच्छा माहौल था। हम सबस खूब हंसी-मजाक करते थे। सबसे बड़ी बात यह थी कि हम कुछ ऐसा बना रहे थे, जो पूरी तरह से दिल से और सिनेमा के प्रति प्यार के लिए था, जब आप सही लोगों के साथ काम करते हैं, तो सबसे कठिन दिन भी आसान लगने लगते हैं।”
कार्तिक सुब्बाराज द्वारा निर्देशित तमिल रोमांटिक एक्शन फिल्म ‘रेट्रो’ में पूजा के साथ सूर्या मुख्य भूमिकाओं में थे। ‘लव-लाफ्टर-वॉर’ उपशीर्षक वाली इस फिल्म का निर्माण स्टोन बेंच क्रिएशंस और 2डी एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया। इसमें सूर्या (परी) एक अपराधी पिता द्वारा पाले गए व्यक्ति की भूमिका में हैं, जो अपनी प्रेमिका, रुक्मिणी (पूजा हेगड़े) के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीने के लिए हिंसक अतीत को छोड़ना चाहता है, लेकिन उसका हिंसक अतीत उसे नहीं छोड़ता।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम
