मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। म्यूजिकल एक्शन-ड्रामा वेब सीरीज ‘लुक्खे’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। यह ट्रेलर पंजाब की गलियों, वहां की आपसी प्रतिद्वंद्विता, जबरदस्त एक्शन और रैप संगीत के शानदार मेल को बखूबी दर्शाता है।
2 मिनट 28 सेकंड का ट्रेलर काफी जबरदस्त है। इसकी कहानी एक युवा एथलीट लकी के इर्द-गिर्द घूमती है। उसकी दुनिया में तब मोड़ आता है, जब उसे ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए पंजाब की खतरनाक रैप दुनिया में कदम रखना पड़ता है। जैसे-जैसे वह इस अंडरवर्ल्ड के भीतर जाता है, वह न केवल अपराध बल्कि प्यार, परिवार, पछतावे और दोस्ती के जटिल जाल में फंस जाता है।
ट्रेलर एक ऐसे सफर की ओर इशारा करता है, जहां एक खिलाड़ी को अपनी नैतिकता और मिशन के बीच चुनाव करना पड़ता है। इस सीरीज के जरिए रैपर किंग अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
उन्होंने ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान सभी के साथ अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह मेरा पहला प्रोजेक्ट है और ईमानदारी से कहूं, तो मैंने इसके बारे में ज्यादा सोचा नहीं था। कहानी सुनते ही मैं इसके साथ जुड़ गया क्योंकि मुझे इसमें कुछ नया करने का मौका दिखा। मुझे सीरीज में काम करने के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला, तो अभी मैं एक स्टूडेंट हूं और बहुत कुछ सीख रहा हूं। मेरे लिए सबसे बड़ी तारीफ यही होगी कि लोग इसमें मेरी वास्तविकता को देखें। जब आप पहली बार कुछ नया करते हैं और लोग उसे सराहते हैं, तो वह बहुत हौसला देता है।”
सीरीज में अभिनेत्री राशी खन्ना पुलिस अधिकारी गुरबानी की भूमिका में नजर आएंगी। इसको लेकर अभिनेत्री ने कहा, “यह सीरीज केवल रोमांस और रैप बैटल्स के बारे में नहीं है, बल्कि उस धुंधली सीमा के बारे में है, जहां सही और गलत के बीच फर्क करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। मेरे लिए गुरबानी का किरदार निभाना एक घर वापसी जैसा है। क्योंकि भले ही मैंने कई भाषाओं में काम किया हो, लेकिन पंजाबी मेरी असली जड़ है। गुरबानी एक ऐसी लड़की है, जो अपने अंदर बहुत सारा अनकहा दुख समेटे हुए है। वह अपनी आवाज ऊंची नहीं करती, लेकिन उसकी मौजूदगी स्क्रीन पर गहरा असर डालती है। वह एक कोमल लड़की भी है और जरूरत पड़ने पर एक तेज-तर्रार पंजाबन भी।”
राशी ने स्क्रिप्ट की सराहना करते हुए शो के निर्माता अग्रिम, डेबोज और निर्देशक हिमांकर का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस जटिल कहानी को खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है। इस सीरीज में किंग (एमसी बदनाम), राशी खन्ना, पलक तिवारी (सनोबर), और लक्ष्यवीर सिंह सरन (लकी) की भूमिकाओं में नजर आएंगे।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
