उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी है। इस संदर्भ में यूपीडा ने अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को पत्र लिखकर एक्सप्रेसवे की सुरक्षा करने का आग्रह किया है।यूपीडा ने यह भी स्पष्ट किया है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर 24 रूट पेट्रोलिंग वाहन, 18 एंबुलेंस, हल्के व भारी वाहनों वाली आठ-आठ क्रेन व चार हाईड्रा वाहन तैनात किए गए हैं।यूपीडा के एसीइओ एचपी शाही ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर रुखालू,हसनपुर, अमरोहा, नगालिया, चंदौसी, संभल, बनकोटा, बिसौली व बदायूं में वाहन चालकों व यात्रियों की सुविधा के लिए नौ सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह पर नौ पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं। साथ ही एक्सप्रेसवे पर 24 घंटे निगरानी रखने के लिए 1625 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इनमें 540 सीसीटीवी कैमरे (ग्लोबल शटर) तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों व वाहन चालकों की स्पष्ट फोटो खींचने के लिए लगाए गए हैं। इन सीसीटीवी कैैमरों की विशेषता है कि वाहन की गति 100 किलोमीट प्रतिघंटा से भी तेज होगी तो भी यह वाहन चालकों व वाहनों के नंबर प्लेट की फोटो को एकदम स्थिर तरीके से खींच सकते हैं।
इंटीलिजेंस ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम में यह सीसीटीवी कैमरे काफी उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की स्पष्ट फोटो भी इससे खींची जा सकती है। वहीं दुर्घटना के अंतिम क्षण तक यह कैमरे सटीक फोटो खींचते हैं। इन कैमरों का संचालन आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (एआइ) से किया जाता है। साथ ही कार्यदायी संस्था ने पेट्रोलिंग के लिए 12 जिलों की पुलिस को 20 वाहन भी दिए हैं।
यह होगा टोल टैक्स
| वाहन का प्रकार | टोल टैक्स दर (एक तरफ) |
|---|---|
| दो पहिया, तीन पहिया, पंजीकृत ट्रैक्टर | ₹ 905 |
| कार, जीप व हल्के वाहन | ₹ 1,800 |
| हल्के व्यवसायिक वाहन व मिनी बस | ₹ 2,840 |
| भारी निर्माण मशीनरी व तीन से छह एक्सेल तक के वाहन | ₹ 8,760 |
| ओवर साइज भारी वाहन, सात या उससे ज्यादा एक्सेल | ₹ 11,265 |
