मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। गायिका शिबानी कश्यप ने मंगलवार को अपना नया गाना ‘सिरफिरा’ रिलीज कर दिया। गायिका ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि यह गाना विशेष रूप से जेनजी को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
उन्होंने कहा, “आज के युवाओं की भाषा और उनकी दुनिया अलग है, तो उन्हें अपना फैन बनाने के लिए अपने म्यूजिक में उनको जोड़ना ही होगा। इसीलिए मैंने इस बार ‘हिप-हॉप’ शैली को चुना है, जिसे मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत पसंद करती हूं।”
उन्होंने गाने की खासियत पर जोर देते हुए कहा कि इसमें मुंबई के अंडरग्राउंड हिप-हॉप जगत के 5 दिग्गज कलाकारों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, “गाने में ‘येडाना’, ‘सिरोई’, ‘एनिक्स’ और ‘नीजी’ जैसे रैपर्स ने अपनी कला दिखाई है, जबकि ‘टैश’ ने शानदार बीट-बॉक्सिंग की है। गाने का वीडियो किसी चकाचौंध वाली जगह के बजाय एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में शूट किया गया है, जो इसे एक असली ‘अंडरग्राउंड’ और ‘क्रेजी’ लुक देता है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई रोमांटिक लव ट्रैक नहीं है, बल्कि यह सीमाओं को तोड़ने, कंफर्ट जोन से बाहर निकलने और कुछ नया करने के बारे में है। उन्होंने कहा, “हर इंसान के अंदर एक ‘सिरफिरा’ होता है, जो उसे समाज की तय सीमाओं से बाहर कुछ क्रांतिकारी करने के लिए प्रेरित करता है।”
सिंगर ने गाने के लॉन्च के लिए मीका सिंह का आभार जताते हुए कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मीका सिंह जैसे बेहतरीन इंसान मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं। वे लंबे समय से एक कलाकार के रूप में मुझ पर विश्वास करते आए हैं और हमेशा मेरा साथ देते हैं।”
गायिका ने अपने करियर के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जोखिम भरे और सिरफिरे फैसले लिए हैं। ‘सजना आ भी जा’ में मैंने पहली बार भारत में ‘ऑटोट्यून’ और ‘कोडिंग इफेक्ट’ का इस्तेमाल किया था, जिसके लिए मुझे आलोचना और प्रशंसा दोनों मिली थी।”
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
