मुंबई, 28 अप्रैल (केसरिया न्यूज़)। देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी मारुती सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में कंपनी ने 3,659 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। यह पिछले वर्ष समान अवधि में दर्ज किए गए 3,911 करोड़ रुपए के शुद्ध मुनाफे से 6.4 प्रतिशत कम है।
इससे पहली तिमाही में कंपनी ने 3,879 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी की ओर से एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में कंपनी की आय सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 52,462.5 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 40,920 करोड़ रुपए थी। इसमें तिमाही आधार पर 5 प्रतिशत का उछाल देखा गया है। दिसंबर तिमाही में यह 49,904 करोड़ रुपए थी।
पूरे वित्त वर्ष 26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड कर के बाद मुनाफा 14,619 करोड़ रुपए रहा है, इसमें सालना आधार पर 0.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 25 में यह 14,500.2 करोड़ रुपए पर था।
इस दौरान कंपनी की आय सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 1,83,316 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले वित्त वर्ष में 1,52,913 करोड़ रुपए पर थी।
31 मार्च, 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति बढ़कर 1,48,881 करोड़ रुपए हो गई, जबकि एक वर्ष पहले यह 1,31,016 करोड़ रुपए थी। वहीं, गैर-चालू संपत्ति 1,09,923.6 करोड़ रुपए रही। आय के अलावा, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 140 रुपए प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया, जबकि पिछले वर्ष यह 135 रुपए प्रति शेयर था।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में 23.4 लाख यूनिट का वार्षिक उत्पादन दर्ज किया था। हालांकि, मुनाफे में गिरावट के कारण कंपनी के शेयर में कमजोरी दर्ज की गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर मारुति सुजुकी का शेयर 2.51 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 12,890 रुपए पर बंद हुआ।
–केसरिया न्यूज़
