बचपन की यादों में खोईं नोरा फतेही, फुटबॉल के प्रति बताया अपना 'अनसुना' जुनून


मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेत्री नोरा फतेही अपनी अदाकारी और शानदार डांस मूव्स से दर्शकों के बीच मौजूदगी रखती हैं। शुक्रवार को वे बचपन की यादों में खोई नजर आईं और उन्होंने अपने जीवन के एक अनसुने पहलू से पर्दा उठाया।

नोरा ने अपने इंस्टाग्राम पर साल 2017 का एक पुराना वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह पसीना बहाती नजर आ रही हैं और अपने कोच से फुटबॉल की बारीकियां सीख रही हैं।

अभिनेत्री ने इस पोस्ट के माध्यम से बताया कि बचपन में वह फुटबॉल की दीवानी थीं, लेकिन एक हादसे ने उनसे यह खेल छीन लिया।

अभिनेत्री ने लिखा, “जब मैं केवल 11 साल की थी, मुझे फुटबॉल खेलना पसंद था। लेकिन, मुझे चोट लग गई। वह मेरे लिए एक कठिन दौर था।”

अभिनेत्री ने अपने कोच गोवी हेनरिक्सन को आभार व्यक्त करते हुए, उन्हें धन्यवाद अदा किया। अभिनेत्री लिखती हैं, “2017 की यादें। मैं अपने पुराने वीडियो देख रही थी और मुझे यह खास पल मिल गया। कोच, हमारे सेशन वाकई कमाल के थे। आपने मेरे अंदर बचपन वाला फुटबॉल का प्यार फिर से जगा दिया।”

नोरा ने आगे बताया कि उनके कोच ने न केवल उन्हें खेल सिखाया, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत बनाया। उन्होंने लिखा, “फुटबॉल के प्रति साझा लगाव ने उन्हें एक-दूसरे के करीब लाया और इस अनुभव ने उन्हें जीवन के एक मुश्किल दौर से बाहर निकलने में मदद की।”

नोरा की पोस्ट फैंस को काफी पसंद आ रही है। वे कमेंट सेक्शन में जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं, नोरा के दोस्त और कंटेंट क्रिएटर रजित देव ने लिखा, “मुझे ये याद है।”

‘दिलबर’, ‘ओ साकी साकी’, ‘आओ कभी हवेली पे’, ‘गरमी’, ‘ना गोरिए’ , ‘बड़ा पछताओगे’ जैसी धमाकेदार डांसिंग वीडियोज से दर्शकों के दिलों में खास पहचान बना चुकी अभिनेत्री नोरा फतेही मोरक्कन-कनाडाई मूल की है। नोरा ने ‘रोर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन’ (2014) से बॉलीवुड में शुरुआत की और ‘बिग बॉस 9’ से प्रसिद्धि पाई थी।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Related Articles

Latest News