सनी लियोन स्टारर ‘नशा’ में बिजनेसमैन बनेंगे रोहन गंडोत्रा, बताया किरदार से क्या है खास कनेक्शन


मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता रोहन गंडोत्रा जल्द ही अभिनेत्री सनी लियोन के साथ अपकमिंग फिल्म ‘नशा’ में नजर आएंगे। इस बीच अभिनेता ने बताया कि उन्होंने फिल्म में काम करने के मिले ऑफर को लेकर तुरंत फैसला ले लिया। उन्होंने बताया कि इसकी वजह किरदार से उनका खास कनेक्शन रहा।

रोहन का कहना है कि फिल्म में उनका किरदार उनके दिल के बहुत करीब है क्योंकि यह उनकी असल जिंदगी से काफी मिलता-जुलता है। रोहन गंडोत्रा फिल्म में एक बिजनेसमैन का रोल निभा रहे हैं। असल जिंदगी में भी रोहन अभिनय के साथ-साथ अपना बिजनेस संभाल रहे हैं। जब उन्हें यह रोल ऑफर किया गया तो उन्होंने बिना एक पल सोचे हां कह दी।

रोहन ने बताया, “एक्टिंग के साथ-साथ मैं अपने बिजनेस पर भी काम कर रहा हूं। इसलिए जब मुझे एक बिजनेसमैन का किरदार ऑफर हुआ, तो मैंने बिना एक पल भी सोचे इस रोल को हां कह दिया।”

‘नशा’ एक लव ट्रायंगल फिल्म है। इसकी कहानी धोखे, दिल टूटने और जज्बाती उथल-पुथल के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म एक ऐसे मुश्किल भरे रिश्ते को दिखाती है जहां प्यार एक खतरनाक मोड़ ले लेता है। रोहन के साथ सनी लियोन इस फिल्म में लीड रोल में हैं।

‘नशा’ फिल्म रोहन गंडोत्रा के करियर में एक नया मोड़ साबित हो सकती है, खासकर इसलिए क्योंकि इस रोल में उन्हें अपनी असल जिंदगी का प्रतिबिंब नजर आया। मेकर्स ने अभी तक फिल्म की रिलीज की तारीख घोषित नहीं की गई है।

रोहन गंडोत्रा ने साल 2014 में आशुतोष गोवारिकर के टीवी शो ‘एवरेस्ट’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद रोहन टीवी शो ‘कुबूल है’ में नजर आए । वहीं, साल 2016 में ‘काला टीका’ में युग चौधरी के किरदार में वह काफी पसंद किए गए। फिर उन्होंने दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला की जगह लेते हुए ‘दिल से दिल तक’ में जैस्मिन भसीन और रश्मि देसाई के साथ काम किया। रोहन ‘सिलसिला बदलते रिश्तों का’ में भी वह अहम भूमिका में नजर आए। टीवी शो के साथ ही वह महेश मांजरेकर की फिल्म ‘1962: द वॉर इन द हिल्स’ में भी दिखे।

–आईएएनएस

एमटी/पीएम


Related Articles

Latest News