मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी आगामी अनटाइटल्ड फिल्म के लिए निर्देशक अनीस बज्मी के साथ हाथ मिलाया है। कॉमेडी-एक्शन फिल्म में अभिनेता के साथ विद्या बालन और राशि खन्ना भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।
गुरुवार को अभिनेता ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि वे अगले शेड्यूल के लिए केरल जा रहे हैं। अभिनेता ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अभिनेत्री विद्या बालन के साथ नजर आ रहे हैं।
वीडियो में दोनों स्टार्स को प्राइवेट प्लेन में सवार होते देखा जा सकता है। अक्षय और विद्या की केमिस्ट्री वीडियो में साफ झलक रही है, जहां अक्षय, विद्या का हाथ थामकर उन्हें प्लेन के अंदर ले जा रहे हैं।
अभिनेता ने वीडियो के साथ लिखा, “अगला पड़ाव। भगवान की अपनी धरती, खूबसूरत केरल। मैं अनीस बज्मी की अगली फिल्म में चौथी बार शानदार विद्या बालन के साथ काम कर रहा हूं और उम्मीद है कि हमारी जोड़ी का यह लकी चार्म ऐसे ही बना रहे।”
अभिनेता का यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आ रहा है। अक्षय के इंडस्ट्री के दोस्त कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अभिनेता विनीत कुमार ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, जबकि अभिनेता सिद्धांत कपूर ने कमेंट करते हुए लिखा, “ओजी मंजुलिका, फिल्म भूलभुलैया के डॉ. आदित्य श्रीवास्तव के साथ।”
इससे पहले यह जोड़ी ‘भूलभुलैया’, ‘हे बेबी’ और ‘मिशन मंगल’ जैसी सफल फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थीं।
अनीज बज्मी की यह फिल्म एक्शन-कॉमेडी से भरपूर होगी। हालांकि, मेकर्स ने फिल्म के नाम और अन्य जानकारी अभी नहीं दी है, जैसे-जैसे शूटिंग आगे बढ़ेगी, इस प्रोजेक्ट की कास्ट और क्रू के बारे में जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
इस फिल्म के जरिए अनीस और अक्षय लंबे अंतराल के बाद फिर से साथ काम कर रहे हैं। इन दोनों ने पहले ‘सिंह इज किंग’, ‘वेलकम’ और ‘थैंक यू’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
