केरल: त्रिशूर पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट पर पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक सहायता का ऐलान


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के त्रिशूर जिले स्थित मुंडथिक्कोडु इलाके में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण यूनिट में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पीएम मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया और मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं, सीएम पिनाराई विजयन ने सभी सरकारी विभागों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।

पीएमओ की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को लेकर दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल के त्रिशूर स्थित एक पटाखा कारखाने में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। पीएमओ की तरफ दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

वहीं, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने त्रिशूर में पटाखों के विस्फोट के बाद चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए सभी सरकारी विभागों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव से बात की और स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि यदि आवश्यक हो तो झुलसे पीड़ितों के उपचार के लिए राज्य के बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। पुलिस, अग्निशमन एवं बचाव, स्वास्थ्य, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभागों के समन्वय से एक विशेष निगरानी प्रणाली के तहत बचाव अभियान जारी है।

वहीं, कांग्रेस सांसद और महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस घटना पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं, जो पूरम उत्सव से कुछ ही दिन पहले हुआ है। कई लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार को बचाव कार्यों के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए और सभी घायलों को जल्द से जल्द आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जानी चाहिए।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News