मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर महिला किरदारों के महत्व पर चर्चा होती रहती है। कई बार देखा गया है कि हीरोइन का रोल सिर्फ कहानी का हिस्सा भर रह जाता है, लेकिन कुछ निर्देशक ऐसे भी होते हैं, जो अपनी फिल्मों में महिला किरदारों को कहानी का अहम हिस्सा बनाते हैं। ऐसे ही एक निर्देशक हैं अर गांधी कृष्णा, जिनकी फिल्मों में हमेशा महिला किरदार मजबूत नजर आते हैं।
अब उनकी नई फिल्म ‘ब्रेकफास्ट’ को लेकर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है, जिसमें एक्ट्रेस रोसमिन मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर रोसमिन ने अपने अनुभव और भावनाएं साझा की।
रोसमिन ने कहा, ”जब मुझे इस फिल्म में काम करने का मौका मिला, तो मैं काफी उत्साहित हो गई थी। मैं पहले से ही अर गांधी कृष्णा की फिल्मों की बड़ी फैन रही हूं। उनकी खासियत यह है कि वह अपनी फिल्मों में हीरोइनों को कहानी को आगे बढ़ाने का मजबूत हिस्सा बनाते हैं। बात करें चाहें फिल्म ‘चेल्लामे’ में रीमा सेन के किरदार की, या फिर ‘आनंद थांडवम’ में तमन्ना की भूमिका की। सभी किरदारों ने कहानी को खास बनाया।”
रोसमिन ने कहा, ”इन फिल्मों को देखकर मुझे हमेशा लगता था कि अगर कभी मुझे ऐसे किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का मौका मिला, तो मैं जरूर करूंगी। जब मुझे ‘ब्रेकफास्ट’ का ऑफर मिला, तो मुझे लगा कि यह मेरे लिए खास मौका है। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे ऐसे निर्देशक के साथ काम करने का मौका मिला, जो महिला किरदारों को इतना सम्मान और महत्व देते हैं। यह फिल्म उसी परंपरा को आगे बढ़ाएगी।”
रोसमिन ने कहा, “ब्रेकफास्ट में मेरा रोल काफी अलग और दिलचस्प है। इसमें मुझे कई भावनात्मक सीन करने का मौका मिला है, जहां मुझे अपने अभिनय की गहराई दिखानी पड़ी। इसके साथ ही फिल्म में हल्के-फुल्के और प्यारे रोमांटिक पल भी हैं, जो कहानी को संतुलित बनाते हैं। इन दोनों तरह के भावों को निभाना मेरे लिए एक खूबसूरत अनुभव रहा और मुझे पूरा भरोसा है कि दर्शक इन भावनाओं से जुड़ पाएंगे।”
फिल्म ‘ब्रेकफास्ट’ में दो जोड़ों की कहानी दिखाई जाएगी, जिसमें रानव और रोसमिन के साथ कृतिक मोहन और अमिता रंगनाथ नजर आएंगे। इसके अलावा कस्तूरी और अर्चना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।
यह फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
