आयुष म्हात्रे का बाहर होना हमारे लिए बड़ा नुकसान होगा: माइक हसी


हैदराबाद, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने शीर्ष क्रम के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की इंजरी पर अपडेट देते हुए कहा कि सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। म्हात्रे की चोट की गंभीरता का पता नहीं चल सका है। उसके लिए यह निश्चित रूप से बुरा है।

हसी ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह हैमस्ट्रिंग टियर है। पता नहीं यह कितना बुरा है। हम शायद अगले दिन उसका स्कैन करेंगे। मुझे पक्का नहीं पता, लेकिन हां, यह काफी बुरा लग रहा है। बदकिस्मती से, उसका बाहर होना एक बड़ा नुकसान होगा क्योंकि वह हमारे लिए अच्छे टच में था।”

उन्होंने आगे कहा, “वह एक रोमांचक युवा प्रतिभा है, लेकिन इससे किसी और को मौका मिलेगा, इसलिए यह भी रोमांचक है। हमारे पास कुछ बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं जिन्हें मौका नहीं मिला है, इसलिए उनमें से किसी एक के लिए यह रोमांचक होगा। आयुष को खोने से हम जितना निराश हैं, मुझे नहीं पता कि यह कितने समय तक रहेगा, लेकिन एक नए खिलाड़ी का आना और मौका मिलना रोमांचक है।”

एसआरएच के खिलाफ मैच में सीएसके को जीत के लिए 195 रन का लक्ष्य मिला था। संजू सैमसन का विकेट गिरने के बाद सीएसके की पारी के दूसरे ओवर में गुरजपनीत सिंह की जगह म्हात्रे एक इम्पैक्ट सब के तौर पर आए। 18 साल के म्हात्रे शानदार फॉर्म में दिखे और 13 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली।

पारी के दौरान पांचवें ओवर की दूसरी गेंद के बाद, दूसरा रन लेने की कोशिश में म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग खिंच गई। उन्होंने रन पूरा किया लेकिन दर्द से जमीन पर बैठ गए। फिजियो तुरंत दौड़कर आए। म्हात्रे ने मैदान से बाहर जाने के बजाय बल्लेबाजी करने का फैसला किया, और कुछ ही गेंदों के बाद अपना विकेट गंवा दिया।

म्हात्रे सीएसके की इंजरी लिस्ट में सबसे नए नाम हैं, क्योंकि तेज गेंदबाज खलील अहमद और नाथन एलिस पहले ही चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। पूर्व कप्तान एमएस धोनी भी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और सीजन में एक भी मैच नहीं खेल सके हैं। उन्हें टूर्नामेंट शुरू होने से पहले अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगी थी।

सीएसके को इस मैच में 10 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम की सीजन के चौथे मैच में छठी हार थी। अंकतालिका में सीएसके सातवें नंबर पर है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News