आईपीएल 2026: अभिषेक-क्लासेन का अर्धशतक, सीएसके के खिलाफ एसआरएच ने 9 विकेट खोकर बनाए 194 रन


हैदराबाद, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ हो रही है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 194 रन लगाए।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच की शुरुआत धमाकेदार रही। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.5 ओवर में 75 रन जोड़े। अभिषेक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 22 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। हालांकि, हेड लय में दिखाई नहीं दिए और वह रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए। हेड ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 23 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन को मुकेश चौधरी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।

अनिकेत वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 2 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी को जेमी ओवरटन ने 12 रनों के स्कोर पर मैथ्यू शॉर्ट के हाथों कैच करवाया। हालांकि, हेनरिक क्लासेन ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। क्लासेन एक छोर को संभालकर खड़े रहे। उन्होंने 39 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।

साहिल अरोड़ा ने 13 रन बनाए, जबकि शिवांग कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, जेमी ओवरटन ने भी एसआरएच के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मुकेश चौधरी ने 2 और गुरजपनीत सिंह ने एक विकेट निकाला।

इस मुकाबले के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। हर्ष दुबे की जगह पर टीम में तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को शामिल किया गया है। वहीं, सीएसके भी एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो चुके खलील अहमद के स्थान पर मुकेश चौधरी को अंतिम एकादश में जगह दी है।

ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, और ईशान मलिंगा के साथ खेल रही है।

चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में संजू सैमसन (विकेटकीपर), सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह के साथ मैदान पर उतरी है।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News