लखनऊ में गोमती नगर के राजकीय बालिका इंटर कालेज विनय खंड में शनिवार सुबह आग लग गई। शनिवार को ही कालेज में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती परीक्षा होनी थी। इस आग लगने की घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना दमकल और पुलिस को दी गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रदेश के 217 राजकीय डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1253 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करा रहा है। इसी परीक्षा के दौरान लखनऊ के केंद्र में आग लगने से खलबली मच गई।आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। छानबीन में पता चला कि आग प्रधानाचार्य के कमरे में लगे एसी में शार्ट सर्किट के कारण लगी थी।गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।दमकल टीम ने लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। चपेट में आने कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जल गया है। 1253 पदों पर भर्ती के लिए 1,14,955 आवेदन प्राप्त हुए हैं यानी जिससे प्रति पद औसतन 92 दावेदार हैं।
दूसरे कक्ष में हुई परीक्षा
प्रशासन के प्रयास से तत्काल आग पर काबू पाया गया एवं परीक्षार्थियों को अन्य विंग में शिफ्ट करते हुए परीक्षा संपन्न कराई गई। इससे किसी परीक्षार्थी अथवा अन्य को कोई हानि नही पहुची। परीक्षा निर्बाध सम्पन्न हुई। 910 पदों के लिए दो दिवसीय परीक्षा शनिवार से शुरू हुई है। परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है।
