यूपी में एक और नेशनल हाईवे को 6 लेन बनाएगा NHAI

बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने सीतापुर रोड को छह लेने बनाने का निर्णय चंद माह पहले लिया था। इसी प्रकिया को आगे बढ़ाते हुए प्राधिकरण ने इस राष्ट्रीय राजमार्ग का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम तेज कर दिया है।

एनएचएआइ के क्षेत्रीय अधिकारी विशाल गौतम ने बताया कि जून माह में डीपीआर बन जाएगा। इसके बाद छह लेन का राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने के काम से जुड़ी प्रकियाएं तेज हो जाएंगी। पूरा प्रयास है कि इसी साल टेंडर करके, काम शुरू कर दिया जाए। इसलिए डीपीआर आते ही सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को वित्तीय स्वीकृति के लिए भेज दिया जाएगा।

टोल भी सितंबर से एनएचएआइ संभालेगा

सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल अभी निजी हाथों में है। इसके संचालन की अवधि सितंबर 2026 में खत्म हो रही है। इसके बाद मामपुर इंटौजा स्थित टोल फिर से एनएचएआइ के हाथ में आ जाएगा।

प्राधिकरण सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का सर्वे कराकर नए सिरे से टेंडर प्रकिया करके टोल संचालित करवाएगा। यह एक ऐसा टोल है, जहां आए दिन लाइन लगी रहती है। इसलिए यहां के स्कैनर भी बदलवाए जाएंगे और इंटरनेट की बेहतर कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया जाएगा।

किसानों से नहीं ली जाएगी जमीन

खासबात होगी कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए जमीन किसानों से नहीं लेनी पड़ेगी। इसलिए जमीन अधिग्रहण और मुआवजे की प्रकिया में लगने वाला महीनों का समय बचेगा। प्राधिकरण ने एक सर्वे कराकर इसका पूरा ब्योरा एकत्रित पहले ही कर लिया था।खासबात है कि छह लेन होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का संचालन कई दशक तक सुगमता से हो सकेगा। एनएचएआइ का दावा है कि वर्तमान में जो जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग के दाएं व बाएं पड़ी हैं, उससे बड़ी आसानी से जरूरतें पूरी की जा सकेंगी। इसलिए बजट सिर्फ सड़क बनाने के लिए चाहिए होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लखनऊ सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग चार लेन की है। पिछले पंद्रह सालों में यहां ट्रैफिक का लोड हर साल बढ़ता जा रहा था, इसलिए छह लेन करने का निर्णय किया गया है।

Related Articles

Latest News