रवि किशन के फैन हुए अमित विक्रम पांडेय, बोले- सर के बारे में जितना कहूं कम है


मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता अमित विक्रम पांडेय इन दिनों हालिया रिलीज वेब सीरीज मामला लीगल-2 में नजर आए थे। रवि किशन के मुख्य किरदार वाले इस शो में अमित ने पटपड़गंज जिला अदालत के वकील के रूप में काम किया है।

अभिनेता ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में बताया कि रवि किशन सभी कलाकारों के साथ वैन में बैठकर खाना खाया करते थे। उन्होंने कहा, “जब मैं पहली बार सेट पर गया था, तो वहां मौजूद सभी कलाकारों में मैं सबसे कम अनुभवी था। ऐसे में मेरे मन में थोड़ी घबराहट थी कि बाकी लोग मुझे कैसे अपनाएंगे, लेकिन पूरी टीम ने मुझे बहुत प्यार और सम्मान दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “टीम बहुत खास है। यहां हर कोई एक परिवार की तरह रहता था। यहां आकर ऐसा महसूस होता था, जैसे इन लोगों को 10-15 मिनट पहले नहीं, बल्कि कई दिनों से जानता हूं। हम अक्सर वैन में बैठकर साथ में खाना खाया करते था और कभी-कभी तो रवि सर भी हमारे साथ शामिल होते थे। सच कहूं, तो रवि सर के बारे में जितना भी कहूं, कम ही है।”

उन्होंने आगे रवि किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी उम्र और अनुभव ज्यादा है। जब कोई अनुभवी कलाकार अपनी मेहनत की कहानी सुनाता है, जैसे उन्होंने मेकअप बॉक्स उठाकर काम शुरू किया था, तो यह बहुत प्रेरणादायक लगता है। वे आपको यह एहसास दिलाते हैं कि यह एक लंबा सफर है और इसमें डटे रहना पड़ता है।

उन्होंने आगे कहा, “सर ने हिंदी, तेलुगु, बंगाली और भोजपुरी समेत कई भाषाओं वाली फिल्मों में काम किया है। यह सचमुच कमाल की बात है। अगर कोई व्यक्ति अपने अनुभव से आपको इतना जुड़ा हुआ महसूस कराए, तो यह बहुत अच्छी बात है।”

अमित ने बताया कि इस सीजन में दिब्येंदु के साथ एक सीन करने से वे चूक गए। साथ ही अभिनेता ने बृजेंद्र काला की प्रशंसा की। उन्होंने बताया, “बृजेंद्र काला सर तो पानी की तरह हैं। आप उन्हें जिस भी सांचे में ढालेंगे, वे उसी में ढल जाएंगे।”

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Related Articles

Latest News