मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना तीसरा शतक लगाया। बाएं हाथ के इस साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विरुद्ध महज 53 गेदों में शतक पूरा किया।
क्विंटन डी कॉक ने वानखेड़े स्टेडियम में 112 रन की पारी खेली। इस दौरान 60 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ नाबाद 112 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी के दम पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एमआई ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 195 रन जुटाए।
यह आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के किसी बल्लेबाज का दूसरा शतक है। इससे पहले 2014 में मोहाली में लिंडल सिमंस ने 61 गेंदों में 100 रन की नाबाद पारी खेली थी।
क्विंटन डी कॉक ने आईपीएल 2016 में अपना पहला शतक लगाया था। उस समय क्विंटन ने दिल्ली डेयरडेविल्स के विरुद्ध 51 गेंदों में 108 रन की पारी खेली थी। इसके बाद साल 2022 में क्विंटन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध 70 गेंदों में नाबाद 140 रन बनाए थे।
टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में क्विंटन डी कॉक ने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा, राइली रूसो और साहिबजादा फरहान ने टी20 क्रिकेट में 9-9 शतक लगाए हैं। इस लिस्ट में क्रिस गेल (22) शीर्ष पर हैं, जबकि बाबर आजम (11) दूसरे स्थान पर हैं। डेविड वॉर्नर (10) इस लिस्ट में तीसरे पायदान हैं।
क्विंटन डी कॉक एमआई की तरफ से आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में सनथ जयसूर्या शीर्ष पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध 114 रन की नाबाद पारी खेली थी। रोहित शर्मा (109* और 105*) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह के साथ इस मैच में उतरी है।
वहीं, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ यह मैच खेल रही है।
–आईएएनएस
आरएसजी
