ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में फ्लैट्स के लिए अब 30 अप्रैल तक पंजीकरण करा सकेंगे। एलडीए ने पंजीकरण अवधि 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है। इस आवासीय अपार्टमेंट में 1900 वर्गफीट क्षेत्रफल के 384 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे।
एलडीए ने ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में फ्लैट्स के पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। इस आवासीय परियोजना में 1900 वर्गफीट के 384 प्रीमियम फ्लैट्स उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 1.11 करोड़ रुपये से शुरू होती है।पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही होगा। फ्लैट की अनुमानित मूल्य की पांच प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, वहीं आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। फ्लैटों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया, ऐशबाग में मिल रोड पर बनने वाले इस ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट की कनेक्टिविटी व लोकेशन काफी प्राइम होगी। यह पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनेगा, जहां वर्तमान में आवासीय जरूरतें पूरी करने के लिए ऐसी जगह मिलना मुश्किल है। योजना से कुछ ही दूरी पर चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन व नाका, आलमबाग व अमीनाबाद जैसे महत्वपूर्ण बाजार मिल जाएंगे।कुल 17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले ऐशबाग स्क्वायर में चार टावर होंगे, हर टावर 27 मंजिल का होगा। अपार्टमेंट में थ्री बीएचके व सर्वेंट श्रेणी के 384 फ्लैट होंगे। हर फ्लैट 1900 वर्गफीट क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 1.11 करोड़ रुपये से शुरू होगी।
प्रोजेक्ट का निर्माण तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और पांच वर्ष के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा दिया जाएगा। फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के बाद 36 महीने की किश्तों में पूर्ण धनराशि जमा करनी होगी।
