मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने गोरखपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का किया लोकार्पण, युवाओं को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने पर जोर

केसरिया न्यूज़, गोरखपुर, 15 अप्रैल: मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने गोरखपुर स्थित महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में टाटा समूह के सहयोग से संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह केंद्र वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए तैयार किए गए रोडमैप में यह एक सशक्त प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे डिजिटल युग के प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही ड्रोन और थ्रीडी प्रिंटिंग जैसी नवाचार तकनीकों के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।

उन्होंने आगे कहा कि यह केंद्र इनोवेशन, स्टार्टअप्स, पेटेंट और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर को नई गति प्रदान करेगा। साथ ही यह युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि जो क्षेत्र पहले पिछड़ा माना जाता था, वहां के युवा, किसान और महिलाएं जब तकनीकी रूप से सशक्त होंगी, तो स्वाभाविक रूप से क्षेत्र का समग्र विकास होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सदी भारत की सदी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत देश की युवा शक्ति और आधी आबादी है।

Related Articles

Latest News