मथुरा, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मांट थाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर एक आयशर कैंटर से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
थाना मांट पुलिस को बुधवार सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आगरा से नोएडा की ओर जा रहे एक कैंटर में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 95 पर सघन चेकिंग शुरू की। सुबह करीब 08:15 बजे संदिग्ध कैंटर को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई।
कैंटर के अंदर से कुल 776.620 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान हरियाणा के तंगीपुर निवासी शुभम (28 वर्ष) पुत्र जसवीर सिंह, निवासी तंगीपुर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा), और कुलदीप उर्फ रिंकू (46 वर्ष) पुत्र बलजीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत 1,16,49,300 रुपए है।
वहीं, मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इरफान अली अंसारी नामक एक पेडलर को गिरफ्तार किया।
मुंबई के साकीनाका इलाके से आरोपी को पकड़ा गया, जिसके पास से करीब 200 एक्स्टेसी (एमडीएमए) की गोलियां बरामद की गई हैं। जब्त की गई इन ड्रग्स की कीमत लगभग 26 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में नेस्को ग्राउंड में आयोजित एक म्यूजिक शो के दौरान ड्रग्स ओवरडोज के कारण दो युवकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से मुंबई पुलिस ने शहर में ड्रग्स और तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी इरफान अली अंसारी भी उसी म्यूजिक इवेंट में मौजूद था, जिससे इस मामले में उसकी भूमिका और संदिग्ध हो गई है।
–आईएएनएस
एमएस/
