लखनऊ : ताइक्वांडो स्टार्स ने किया कमाल! विश्व चैंपियनशिप में 6 स्वर्ण और 1 रजत पदक पर किया कब्जा

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व प्रशिक्षक मास्टर अतुल यादव ने बताया कि सब जूनियर व्यक्तिगत पूमसे स्पर्धा में दिव्य राज वंश और मयंक तिवारी ने स्वर्ण पदक जीते। कैडेट पूमसे में आशुतोष मिश्रा और सीनियर महिला व्यक्तिगत पूमसे में आकांक्षा विश्वकर्मा ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

लखनऊ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने वर्ल्ड वाइड सुपर लीग (डब्लूडब्लूएसएल) इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप सीजन-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण और 1 रजत सहित कुल सात पदक जीतकर शहर का मान बढ़ाया। यह प्रतियोगिता 11 और 12 अप्रैल को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी के खेलो इंडिया मल्टीपरपज हॉल में आयोजित हुई।

क्योरगी स्पर्धा में भी लखनऊ के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। सब जूनियर बालक अंडर-20 किग्रा वर्ग में विनायक राजवंश और बालिका अंडर-30 किग्रा वर्ग में वैष्णवी कुशवाहा ने स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं सीनियर महिला 46 किग्रा वर्ग में प्राची पाल को कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

सभी पदक विजेता खिलाड़ी मास्टर अतुल यादव से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, मलेशिया, श्रीलंका, सिंगापुर और थाईलैंड सहित कई देशों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

Related Articles

Latest News