लंदन, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। आर्सेनल के मैनेजर मिकेल आर्टेटा ने डेक्लन राइस की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया है। आर्सेनल की टीम गुरुवार को स्पोर्टिंग सीपी के खिलाफ यूईएफए चैंपियंस लीग क्वार्टर फाइनल के निर्णायक दूसरे चरण के मुकाबले में भिड़ेगी। यह मुकाबला एमिरेट्स स्टेडियम में आयोजित होगा।
राइस मंगलवार को सोभा रियल्टी ट्रेनिंग सेंटर में हुई ओपन ट्रेनिंग सेशन में नजर नहीं आए, जिसके बाद उनके इस अहम मैच में खेलने पर संशय बढ़ गया है।
इंग्लैंड के मिडफील्डर हाल ही में जापान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैच से हटने के बाद टीम में लौटे थे। उन्होंने लिस्बन में पहला चरण खेला था और बाद में आर्सेनल की बोर्नमाउथ से चौंकाने वाली प्रीमियर लीग हार में कप्तानी भी की थी।
इस स्थिति पर बात करते हुए, आर्टेटा ने राइस के खेलने को लेकर कोई पक्का जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, “हमें बुधवार सुबह तक इंतजार करना होगा, ताकि देख सकें कि हमारे कुछ खिलाड़ी कैसी स्थिति में हैं। इसके बाद ही मैं उनके साथ मिलकर सही फैसला लूंगा।”
राइस का ट्रेनिंग से बाहर रहना आर्सेनल की बढ़ती चिंताओं की लिस्ट में एक और नाम जोड़ता है, क्योंकि टीम के कई अहम खिलाड़ी पहले से ही उपलब्ध नहीं हैं। बुकायो साका अभी भी टीम से बाहर हैं। मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ काराबाओ कप फाइनल में मिली हार के बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड भी अपनी फिटनेस को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, जबकि डिफेंस के विकल्प के तौर पर मौजूद जुरियन टिम्बर और रिकार्डो कैलाफियोरी अभी भी ग्रुप ट्रेनिंग से बाहर हैं।
इन तमाम झटकों के बावजूद, आर्सेनल पुर्तगाल में हुए पहले मुकाबले से मिली एक गोल की मामूली बढ़त के साथ दूसरे लेग में उतर रहा है।
आर्सेनल इस समय प्रीमियर लीग की प्वाइंट्स टेबल में 32 मैचों में 70 अंकों के साथ शीर्ष पर है, लेकिन हाल ही में मिली हार के बाद उसकी बढ़त काफी कम हो गई है। बोर्नमाउथ के हाथों 2-1 से मिली हार ने मैनचेस्टर सिटी (जो 64 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है) को आर्सेनल के करीब आने का मौका दे दिया है, जिससे सीजन के आखिरी दौर में दबाव और भी बढ़ गया है। अब जब कुछ ही मैच शेष हैं, तो प्रत्येक अंक और प्रत्येक खिलाड़ी बेहद अहम हो गया है।
स्पोर्टिंग के खिलाफ मुकाबले के ठीक बाद, आर्सेनल एतिहाद स्टेडियम में मैनचेस्टर सिटी से भिड़ेगा। यह मुकाबला प्रीमियर लीग का खिताब जीतने की दौड़ में निर्णायक साबित हो सकता है। अगर आर्सेनल वहां अंक गंवाता है, तो खिताब की दौड़ का पूरा समीकरण ही बदल सकता है।
–आईएएनएस
आरएसजी
