केसरिया न्यूज़, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बैसाखी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बैसाखी का पर्व भारत की समृद्ध कृषि परम्परा, श्रम-साधना और सांस्कृतिक वैभव का जीवन्त प्रतीक है। यह उत्सव नई फसल की खुशियों के साथ-साथ किसान के परिश्रम, समर्पण और आत्मविश्वास का उत्सव भी है, जो राष्ट्र की समृद्धि का आधार है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बैसाखी का दिन हमें सिख परम्परा के उस गौरवशाली क्षण की भी याद दिलाता है, जब दसवें सिख गुरु, गुरु गोबिन्द सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना कर राष्ट्र की रक्षा, धर्म के संरक्षण और मानवीय मूल्यों के लिए अदम्य साहस एवं समर्पण का संदेश दिया। यह पर्व हमें एकता, सेवा और त्याग की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘अमृतकाल’ में ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में अग्रसर होते हुए हमें अपने अन्नदाता किसानों के योगदान को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की आय वृद्धि, आधुनिक कृषि, सिंचाई सुदृढ़ीकरण और कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार के लिए निरन्तर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कामना की कि बैसाखी का पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नव उत्साह का संचार करे तथा समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा को और सुदृढ़ बनाए।
