लखनऊ, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने महिला आरक्षण बिल, पश्चिम बंगाल चुनाव और रायबरेली में अंबेडकर प्रतिमा की स्थापना को लेकर प्रतिक्रिया दी।
भाजपा द्वारा राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने पर मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा, “विकास और विरासत भारतीय जनता पार्टी के मूल सिद्धांत हैं। यह संतोष की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के जन्मस्थान से लेकर परिनिर्वाण स्थल तक को विरासत के रूप में परिवर्तित करके उनका सम्मान और विरासत को बढ़ाया है। बरेली में भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि वह बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर की विचारधारा और योगदान को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. अंबेडकर के विचारों को कांग्रेस पार्टी या राहुल गांधी ने पूरी तरह से समर्थन नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारत की सियासत से दूर रखने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया था। 1951-1952 में पहला पार्लियामेंट का चुनाव हुआ था तब कांग्रेस ने अंबेडकर को हराया था। राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी को बाबा साहब के जन्मदिन पर कुछ कहने का नैतिक अधिकार नहीं है।”
समाजवादी पार्टी के गीत के साथ एक कार्टून वीडियो सोशल मीडिया पर है। इस वीडियो में राममनोहर लोहिया साइकिल चला रहे हैं और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पीछे बैठे हैं। इस पर नरेंद्र कश्यप ने कहा, “समाजवादी पार्टी अहंकार में है। प्रधानमंत्री के खिलाफ और मुख्यमंत्री को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। अब तो बाबा साहब को लेकर बनाई गई इस तरह की वीडियो बनाकर सपा ने अपनी छोटी मानसिकता दिखा दी है। बाबा साहब का अपमान कर सपा अपने आप को खत्म करने का काम कर रही है।
केरल में एक दलित मेडिकल छात्र की मौत को लेकर मंत्री ने कहा, “केरल और पश्चिम बंगाल जैसे कुछ राज्य हैं, जहां दलित उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। केरल में दलित बच्ची के साथ में इस तरह की घटना को अंजाम देना केरल सरकार की कार्यशैली पर सवाल है। केरल की सरकार को ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेना चाहिए।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कश्यप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश इतिहास लिखने जा रहा है। जब संसद और विधानसभा में हर तीसरी सांसद और विधायक महिला होगी, तो यह भारत की राजनीति का स्वर्णिम समय होगा। प्रधानमंत्री का यह प्रयास भारत की महिलाओं को सशक्त करने की बहुत अच्छी पहल है।
नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों के हंगामे को लेकर नरेंद्र कश्यप ने कहा, “कुछ दल और कुछ लोग उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते हैं। विपक्षी दलों के लोग सरकार के हर अच्छे कार्य में बाधा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम योगी के नेतृत्व में 9 सालों में विकास चरम पर है। नौ लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी और करोड़ों लोगों को प्राइवेट सेक्टर में काम मिलना इस सरकार की बड़ी उपलब्धि है। इसके बाद भी कुछ दलों के हाथों में खेलकर लोग आंदोलन की राह को अपनाते हैं। हम इन लोगों से अपील करते हैं किसी के बहकावे में न आएं। मोदी-योगी की सरकार में न्याय मिलेगा।”
–आईएएनएस
ओपी/पीएम
