आईएसएसएफ वर्ल्ड कप: पांचवें स्थान पर रहीं सोनम, एक गोल्ड मेडल के साथ समाप्त हुआ भारत का अभियान


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। सोनम उत्तम मस्कर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में संघर्ष करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। इसके साथ ही भारत ने स्पेन के ग्रेनाडा में अपना इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल अभियान एक गोल्ड मेडल के साथ समाप्त किया।

सोनम ने 24-शॉट के फाइनल में 18वें शॉट के बाद 188.5 का स्कोर बनाकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। उस समय वह अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वियों से 0.8 अंक पीछे थीं। इन प्रतिद्वंद्वियों में दुनिया की नंबर एक और अंततः गोल्ड मेडल जीतने वाली चीन की वांग जिफेई भी शामिल थीं, जिन्होंने 252.9 अंकों के साथ फाइनल समाप्त किया। महिलाओं की 3पी वर्ल्ड चैंपियन नॉर्वे की जेनेट हेग ड्यूस्टैड ने 252.4 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि पूर्व एयर राइफल वर्ल्ड चैंपियन चीन की हान जियायू ने 231.5 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।

भारत ने इस साल के पहले वर्ल्ड कप चरण में मुख्य रूप से घरेलू रैंकिंग में 4 से 6 के बीच रैंक वाले निशानेबाजों को मैदान में उतारा था। भारत के सात निशानेबाज फाइनल तक पहुंचे, लेकिन प्रतियोगिता के पहले दिन केवल 10 मीटर एयर पिस्टल जोड़ी मुकेश नेलावल्ली और पलक ही गोल्ड मेडल जीत पाए। भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि चीन आठ गोल्ड और कुल 13 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा।

सोनम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल के पहले क्वालिफिकेशन राउंड में 632.8 का स्कोर बनाकर फाइनल के लिए सातवें स्थान पर क्वालिफाई किया था। मेहुली घोष ने 627.3 का स्कोर बनाकर 44वां स्थान हासिल किया, जबकि इस स्पर्धा में तीसरी भारतीय निशानेबाज श्रुति ने 624.8 का स्कोर बनाकर 91 निशानेबाजों के बीच 63वां स्थान प्राप्त किया। जहां तक आरपीओ (केवल रैंकिंग अंकों के लिए) निशानेबाजों की बात है, तो नर्मदा नितिन राजू ने 629.0 का स्कोर किया, जबकि राजश्री सांचेती ने 628.1 का स्कोर किया।

सोनम ने फाइनल की शुरुआत 10.6 के एक मजबूत शॉट के साथ की, लेकिन उसके बाद उन्होंने 9.8 का शॉट लगाया। उन्होंने तीन बार एलिमिनेशन से खुद को बचाकर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया; 14वें राउंड में उनका 10.9 का एकदम सही स्कोर उनके संघर्ष का सबसे खास पल रहा। अपना दूसरा वर्ल्ड कप व्यक्तिगत मेडल जीतने की कोशिश कर रहीं सोनम के पास आखिरी में वापसी करने के लिए बहुत ज्यादा फासला रह गया था और 10.5 के स्कोर के साथ समापन करने के बावजूद, वह लक्ष्य से पीछे रह गईं।

इससे पहले, दिन के पहले इवेंट में नीरज कुमार ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन्स (3पी) क्वालिफिकेशन राउंड में 589 का स्कोर किया, जबकि अखिल श्योरान ने 588 का स्कोर करके क्रमशः 15वां और 22वां स्थान हासिल किया। चैन सिंह शनिवार को ही एलिमिनेशन राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए थे।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News