लखनऊ की तनिष्का शर्मा ने ‘मिस यूनिवर्स इंडिया उत्तर प्रदेश 2026’ का खिताब जीता, जबकि ‘मिसेज उत्तर प्रदेश’ का खिताब गुरशरण कौर ने हासिल किया।
लखनऊ की गौरी राजपूत ने मिस टीन यूपी-2026 का खिताब जीत लिया है। उन्होंने गुरुवार शाम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्रैंड फिनाले में 22 फाइनलिस्टों को पीछे छोड़ मिस यूनिवर्स यूपी का ताज पहना। इस मौके पर गौरी ने दैनिक भास्कर से कहा- उन्होंने कोशिश करना नहीं छोड़ा। जब तक लक्ष्य न मिले तब तक कोशिश करते रहना चाहिए।
अपनी पहचान बनाएं, सपनों का पीछा करना न छोड़ें
गौरी ने बताया कि उन्होंने लखनऊ की ‘कैटवॉक एकेडमी’ से ट्रेनिंग ली और अपने व्यक्तित्व पर लगातार काम किया। वह लखनऊ को ‘नवाबों का शहर’ मानती हैं, जहां की मुस्कुराती संस्कृति और चाय की परंपरा उन्हें खास लगती है। लड़कियों को प्रेरित करते हुए गौरी ने कहा कि भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय अपनी अलग पहचान बनाएं। अपनी काबिलियत को पहचानें और किसी भी परिस्थिति में अपने सपनों का पीछा करना न छोड़ें।
गौरी ने बताया- दो साल की मेहनत लाई रंग
गौरी सिंह राजपूत ने ‘मिस टीन उत्तर प्रदेश 2026’ का खिताब अपने नाम किया। इस श्रेणी में 16 से 19 आयु वर्ग की किशोरियों ने हिस्सा लिया था। गौरी ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने वॉक, स्पीकिंग स्किल्स और कॉन्फिडेंस पर लगातार मेहनत की। पिछले दो साल से चल रही तैयारी को आखिरकार सही मंच मिला और उन्होंने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में कुल 400 प्रतिभागी थे
400 प्रतिभागियों में से चुनी गई इन फाइनलिस्ट में से हर कैटेगरी में फर्स्ट, सेकंड और थर्ड रनर-अप, तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया। कैटवॉक, टैलेंट और प्रश्नोत्तर राउंड के जरिये प्रतिभागियों ने न केवल अपनी खूबसूरती, बल्कि आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता से भी जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की स्टेट-डायरेक्टर प्रीति यादव ने बताया कि विजेता का चयन केवल बाहरी सुंदरता के आधार पर नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, व्यवहार और विचारों की स्पष्टता को ध्यान में रखकर किया गया।
