नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने वैश्विक समुदाय से अपील की है कि वे ईरान पर कथित अमेरिकी-इजरायली हमलों को लेकर जिम्मेदार रुख अपनाएं और हमलावरों को जवाबदेह ठहराएं।
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल के साथ शुक्रवार को हुई टेलीफोन वार्ता में अराघची ने ईरान के खिलाफ हालिया सैन्य घटनाक्रम की जानकारी साझा की, जैसा कि शनिवार को स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में इसका दावा किया गया है। तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों की रक्षा के लिए सभी देशों को सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने की सलाह दी।
अराघची ने अमेरिका पर पहले भी अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के उल्लंघन का आरोप लगाया। मेहर न्यूज के अुनसार उन्होंने कहा कि ईरान ने संघर्ष समाप्त करने, इस दौरान हुे नुकसान की भरपाई और हमलावरों को जवाबदेह ठहराने की शर्तों के आधार पर सीजफायर स्वीकार किया है। उन्होंने इसे एक “जिम्मेदार कदम” बताया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना होनी चाहिए।
वहीं, जर्मन विदेश मंत्री वाडेफुल ने भी युद्ध समाप्ति का समर्थन किया और खास तौर पर लेबनान में इजरायली हमलों को रोकने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच प्रस्तावित वार्ता से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने में मदद मिलेगी।
इससे पहले ईरानी संसद के स्पीकर एमबी गालिबाफ ने भी अमेरिका को लेकर आशंका जताई। इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में, ईरानी डेलीगेशन के हेड एमबी गलिबाफ ने ईरान को यूएस से मिले धोखे के पिछले अनुभव की याद दिलाई।
उन्होंने इतिहास याद दिलाया। कहा, “एक साल से भी कम समय में दो बार, बातचीत के बीच में, और ईरानी पक्ष की अच्छी नीयत के बावजूद, उन्होंने हम पर हमला किया और कई वॉर क्राइम किए।”
–आईएएनएस
केआर/
