नीतीश कुमार पर सीएम पद छोड़ने का बनाया गया दबाव, दिल्ली से चलेगी बिहार सरकार: तेजस्वी यादव


पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश का अगला सीएम जनता के जनादेश से नहीं, बल्कि दिल्ली के मेहरबानी से बनेगा। प्रदेश की सरकार जनता के जनादेश से नहीं, दिल्ली से चलाई जाएगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि चुनावों के दौरान हमने कहा था कि उन्हें सत्ता में रहने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि भारी जनादेश के बावजूद सरकार क्यों बदल रही है? अगर यह नीतीश कुमार की अपनी इच्छा होती तो चुनाव से पहले ही बता देते, लेकिन यह उनकी इच्छा नहीं है, बल्कि उन पर दबाव है।

उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों, गरीबी, महंगाई और बेदखली की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। हजारों लोग अपने घरों से बेदखल होकर बिहार लौट रहे हैं। गैस संकट के कारण नौकरियां खतरे में हैं। बिहार सरकार ने इन लोगों की मदद के लिए कुछ नहीं किया और न ही इस मुद्दे पर कोई चर्चा की।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ कुर्सी बचाने में लगी है। ये लोग बिहार को बदनाम कर रहे हैं और इसे बर्बाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पद को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर सरकार बनती है तो सीएम कौन बनेगा? क्या लोगों का कोई जनादेश है? बिना जनादेश के यह कैसा लोकतंत्र है? हमारी सारी बात सही हुई और बिहार की सरकार दिल्ली से चलेगी।

नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि कल पहली बार नीतीश कुमार बोलने आए थे, लेकिन संजय झा ने उन्हें हटा दिया और बोलने से रोक दिया। कभी कोई उनका हाथ खींचता है, कभी कुर्ता खींचता है। मुख्यमंत्री जब भाषण दे रहे होते हैं तो उनकी लाइन काट दी जाती है। कभी कोई पीछे से कंधा पकड़ लेता है। मुख्यमंत्री का कितना अपमान हो रहा है।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी


Related Articles

Latest News