1 जनवरी 2026 को आधार मानकर तैयार की गई इस अंतिम सूची में लखनऊ की 9 विधानसभा सीटों का डेटा शामिल है। आंकड़ों के मुताबिक सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र 4,60,037 मतदाताओं के साथ सबसे बड़ा क्षेत्र बनकर सामने आया है, जबकि लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 3,19,147 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
लखनऊ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची की अंतिम लिस्ट जारी कर दी गई है। एसआईआर से पहले लखनऊ में 39,94,535 मतदाता थे। फाइनल लिस्ट के बाद 30,80,350 मतदाता रह गए हैं। SIR की प्रक्रिया के बाद लखनऊ में 9,14,185 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।
9 विधानसभा क्षेत्रों में चला व्यापक अभियान
राजधानी लखनऊ की नौ विधानसभा क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। इस दौरान मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया, जिसमें नए मतदाताओं को जोड़ा गया और मृतक, स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट नामों को हटाया गया।
10 अप्रैल को नागरिकों के पास यह अंतिम मौका था कि वे अपने नाम और अन्य विवरणों की पुष्टि कर लें। इसके बाद निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। जिसमें किसी भी प्रकार के बदलाव की गुंजाइश बेहद सीमित रही।
39.94 लाख से 27.94 लाख रह गए मतदाता
SIR प्रक्रिया के तहत लखनऊ की नौ विधानसभा उत्तर, पूर्व, पश्चिम, मध्य, कैंट, सरोजनीनगर, बख्शी का तालाब, मलिहाबाद और मोहनलालगंज में मतदाता सूची में बड़े स्तर पर संशोधन हुआ है। अभियान शुरू होने से पहले कुल मतदाता संख्या 39,94,535 थी, जो अब घटकर लगभग 27,94,397 रह गई है।
उत्तर विधानसभा में सबसे अधिक करीब 1.91 लाख वोटर सूची से हटाए गए हैं, जबकि कैंट सीट पर लगभग 40 प्रतिशत यानी करीब 1.40 लाख मतदाता कम हुए हैं। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी हजारों की संख्या में नाम हटाए गए हैं, जिससे कुल मिलाकर लगभग 12 लाख मतदाता सूची से बाहर हुए हैं।
SIR प्रक्रिया में क्या-क्या हुआ
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए कई स्तरों पर कार्य किया। इस प्रक्रिया में मृतक मतदाताओं के नाम हटाए गए, जो लोग शहर छोड़कर जा चुके थे उन्हें सूची से बाहर किया गया और डुप्लीकेट नामों की पहचान कर उन्हें हटाया गया।
इसके साथ ही नए पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं और नए वोटर्स को जोड़ा गया। घर-घर सत्यापन, बूथ स्तर पर जांच, बीएलओ द्वारा फील्ड वेरिफिकेशन और दस्तावेजों की जांच जैसे कई चरणों से गुजरकर यह सूची तैयार की गई है।
शहर के वोटर्स का पूरा आंकड़ा
SIR से पहले कुल वोटर: 39,94,535
हटाए गए वोटर: 12,00,138
शेष वोटर: 27,94,397
नए जुड़े वोटर: 3,00,000
नेट कमी: 9,00,000
